पति-पत्नी की संदिग्ध मौत से सनसनी, पत्नी का खून से लथपथ शव मिला, पति फंदे पर लटका

तोरवा क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना, घर के दूसरे कमरे में सुरक्षित मिले दो मासूम; हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका, जांच जारी
बिलासपुर (शिखर दर्शन) // बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र स्थित हेमूनगर में शनिवार सुबह एक किराए के मकान से पति-पत्नी के शव मिलने से सनसनी फैल गई। कमरे के भीतर का दृश्य बेहद दर्दनाक था। एक ओर पति का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला, जबकि पत्नी खून से लथपथ हालत में मृत पड़ी थी। महिला के गले पर धारदार हथियार से कई वार के निशान मिले हैं। घटना के समय दंपति के दो छोटे बच्चे घर के दूसरे कमरे में बंद मिले, जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि पति ने पहले पत्नी की हत्या की और उसके बाद स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी।
सुबह सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
शनिवार सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच मोहल्ले के लोगों को घर के भीतर अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद पुलिस और मकान मालिक को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों की मौजूदगी में बंद दरवाजा तोड़ा। दरवाजा खुलते ही अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। मृतक की पहचान अशोक देवांगन और उनकी पत्नी धनेश्वरी देवांगन के रूप में हुई है। घटनास्थल पर बड़ी मात्रा में खून फैला हुआ था और महिला के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले।

दूसरे कमरे में बंद मिले दोनों बच्चे

घटना के दौरान दंपति के दो मासूम बच्चे घर के दूसरे कमरे में बंद मिले। पुलिस ने दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनकी देखरेख की व्यवस्था की। प्रारंभिक पूछताछ में बच्चों से मिली जानकारी को पुलिस जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा मान रही है। अधिकारियों का कहना है कि बच्चों के बयान से घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में मदद मिल सकती है।
कई पहलुओं से जांच कर रही पुलिस
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक अशोक देवांगन सब्जी बेचने का काम करता था और पिछले कुछ दिनों से नियमित रूप से काम पर नहीं जा रहा था। पुलिस आर्थिक स्थिति, पारिवारिक तनाव, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पत्नी की हत्या के बाद पति द्वारा आत्महत्या किए जाने का प्रतीत होता है, लेकिन अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद हेमूनगर सहित आसपास के क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है तथा बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।



