बिलासपुर संभाग

बरसात में भी नहीं थमा अवैध रेत खनन, नदी के बीच ट्रैक्टर उतारकर बालू तस्करी का वीडियो वायरल

खरसिया के मुड़ागांव क्षेत्र का मामला, बरसाती नदी में जान जोखिम में डालकर उत्खनन; प्रशासनिक कार्रवाई पर उठे सवाल

खरसिया (शिखर दर्शन) // खरसिया क्षेत्र में बरसात के मौसम के बावजूद अवैध रेत उत्खनन का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। मुड़ागांव क्षेत्र की नदी में ट्रैक्टर उतारकर खुलेआम रेत निकासी और परिवहन किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में नदी की धार के बीच ट्रैक्टर चलाकर बालू निकाली जा रही है, जिससे न केवल खनन नियमों का उल्लंघन हो रहा है, बल्कि हादसे की आशंका भी बढ़ गई है।

नदी के बीच से निकाली जा रही रेत

जानकारी के अनुसार रानीगुड़ा और लेब्रा घाट क्षेत्र में कुछ लोग बरसाती नदी के भीतर ट्रैक्टर उतारकर अवैध रूप से रेत निकाल रहे हैं। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए नदी के बीच से बालू का उत्खनन किया जा रहा है। बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर कभी भी बढ़ सकता है, इसके बावजूद तस्कर बेखौफ होकर इस अवैध गतिविधि को अंजाम दे रहे हैं।

ग्रामीणों ने जताई बड़े हादसे की आशंका

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान नदी का बहाव अचानक तेज हो जाता है। ऐसे में ट्रैक्टर के फंसने या बह जाने का खतरा बना रहता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन जारी है, लेकिन शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से रेत माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।

प्रशासन की कार्रवाई पर निगाह

वीडियो वायरल होने के बाद अब पूरे मामले को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार वायरल वीडियो की जांच कर अवैध रेत उत्खनन में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!