आपातकाल की त्रासदी को देश कभी नहीं भूल सकता : धरमलाल कौशिक

भाजपा ने लोकतंत्र सेनानियों का किया सम्मान, आपातकाल को बताया लोकतंत्र का काला अध्याय
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में आपातकाल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय रहा है। उन्होंने कहा कि बिना किसी कारण हजारों लोगों को जेलों में बंद किया गया, परिवार बिखर गए और नागरिक स्वतंत्रताओं का हनन किया गया। इस त्रासदी को देश कभी नहीं भूल सकता, इसलिए प्रतिवर्ष 25 जून को आपातकाल दिवस के रूप में स्मरण किया जाता है।
लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला
धरमलाल कौशिक ने कहा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने केवल अपनी सत्ता बचाने के लिए देश पर आपातकाल थोपा था। इस दौरान अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाए गए, समाचार पत्रों पर सेंसरशिप लागू की गई और हजारों राजनीतिक कार्यकर्ताओं व पत्रकारों को जेल में डाल दिया गया। उन्होंने कहा कि देश ने विदेशी शासन से स्वतंत्रता प्राप्त की थी, लेकिन 21 महीने तक कांग्रेस की तानाशाही से भी संघर्ष करना पड़ा।
मीसाबंदियों ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानी दत्ता त्रिपुरवार ने कहा कि आपातकाल के दौरान लोगों के मन में भय का वातावरण था। जेल जाने वालों को यह भी नहीं पता होता था कि वे कब रिहा होंगे। वहीं लोकतंत्र सेनानी गोवर्धन गुलहरे ने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले के बाद देश में आपातकाल लगाया गया और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित लोकतांत्रिक संस्थाओं को समाप्त करने का प्रयास किया गया।
कांग्रेस पर साधा निशाना
भाजपा प्रदेश मंत्री हर्षिता पाण्डेय ने कहा कि लोकतंत्र में तानाशाही और दमनकारी नीतियों का कोई स्थान नहीं है। कांग्रेस का दोहरा चरित्र आपातकाल के दौरान भी सामने आया था और आज भी जनता उसे उसी दृष्टि से देखती है। कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने अपने राजनीतिक हितों के लिए लोकतंत्र का गला घोंटा था, जिसे देश की जनता कभी नहीं भूलेगी।
लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान लोकतंत्र सेनानी गोवर्धन गुलहरे, अर्जुन तिर्थानी, सुनील पुराणिक, दत्ता त्रिपुरवार, नारायण तावड़कर, सुंदरश्याम सचदेव, नेतराम विश्वकर्मा और गजानन दिघ्रस्कर का शाल एवं पुष्पमाला से सम्मान किया गया। इस अवसर पर महापौर पूजा विधानी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



