बिलासपुर संभाग

सड़क पर बेकाबू हुई एसयूवी, पलटने से पांच लोग घायल

कोरबा में बड़ा हादसा टला, सभी घायलों को सुरक्षित निकाला गया

कोरबा ( शिखर दर्शन ) // जिले में तेज रफ्तार वाहनों के कारण सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। दर्री-कोरबा मुख्य मार्ग पर बरपारा कोहड़िया के पास एक तेज रफ्तार एसयूवी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बताया जा रहा है कि एसयूवी में कुल पांच लोग सवार थे।

सभी घायलों को आई मामूली चोटें

हादसे में कार सवार सभी लोगों को मामूली चोटें आई हैं। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन की तेज रफ्तार और चालक के नियंत्रण खो देने के कारण हादसा हुआ। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा जांच की जा रही है।

सड़क सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

दर्री-कोरबा मुख्य मार्ग पर लगातार बढ़ते सड़क हादसे एक बार फिर यातायात सुरक्षा और तेज रफ्तार पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सड़क सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने की मांग की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!