बिलासपुर संभाग

कका अभी जिंदा हे, तेवर रहेगा बरकरार : भूपेश बघेल

सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी कांग्रेस, RSS और भाजपा पर साधा निशाना

बिलासपुर (शिखर दर्शन) // पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बिलासपुर प्रवास के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और विभिन्न राजनीतिक एवं समसामयिक मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी चुनाव सामूहिक नेतृत्व में लड़ेगी और संगठन को मजबूत करने पर पूरा ध्यान दिया जाएगा।

सामूहिक नेतृत्व में लड़ेगी कांग्रेस

विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व को लेकर पूछे गए सवाल पर भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि “कका अभी जिंदा हे और कका का तेवर बरकरार रहेगा”, लेकिन चुनाव पार्टी के सामूहिक नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।

राम मंदिर चोरी मामले पर भाजपा पर हमला

अयोध्या राम मंदिर में चोरी की घटना को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेश बघेल ने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इतिहास में महमूद गजनवी ने सोमनाथ मंदिर को लूटा था, जबकि आज आरएसएस और बजरंग दल से जुड़े लोग देश को लूट रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में रायगढ़ से लेकर बस्तर तक राम के नाम पर लूट की जा रही है।

किसान तीन तरफ से झेल रहे मार

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के किसान तीन गुना मार झेल रहे हैं। एक ओर मौसम की मार, दूसरी ओर पेट्रोल-डीजल संकट और नकली खाद की समस्या, वहीं बढ़े हुए बिजली बिलों ने किसानों की परेशानी और बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था भी खराब हो चुकी है और स्कूल खुलने के बाद भी बच्चों को समय पर किताबें और बस्ते उपलब्ध नहीं कराए गए हैं।

जेल में भी सुरक्षित नहीं कैदी

बिलासपुर सेंट्रल जेल में हुई चाकूबाजी की घटना का उल्लेख करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को भाजपा नेताओं और विधायकों का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि जब जेल के भीतर बंद कैदी भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

राहुल गांधी से डरती है भाजपा

राहुल गांधी को लेकर पूछे गए सवाल पर भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा राहुल गांधी को बदनाम करने में करोड़ों-अरबों रुपये खर्च कर चुकी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जब भी किसी मुद्दे पर बोलते हैं तो भाजपा के शीर्ष से लेकर निचले स्तर तक सभी नेता सक्रिय हो जाते हैं। भाजपा को यदि किसी नेता से सबसे अधिक डर है तो वह राहुल गांधी हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!