स्पात संयंत्र में फर्नेस हादसा, 4 मजदूर घायल; प्रबंधन ने ब्लास्ट से किया इनकार

रायगढ़ इस्पात संयंत्र में घटना के बाद मची अफरा-तफरी, सभी घायल अस्पताल में भर्ती
रायगढ़ (शिखर दर्शन) // जिले के पूंजीपथरा स्थित रायगढ़ इस्पात संयंत्र में मंगलवार को फर्नेस से जुड़ी घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। घटना में चार मजदूर घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अपेक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
नमी के कारण हादसे की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फर्नेस में अधिक नमी (मॉइश्चर) जमा हो जाने के कारण यह घटना हुई। घटना के बाद संयंत्र परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कर्मचारियों में दहशत फैल गई।
घायल मजदूरों की पहचान

घायलों में अमरेश कुमार, फिरोज आलम खान और रामनाथ सूर्यवंशी (जांजगीर-चांपा) शामिल हैं। एक अन्य घायल की पहचान अभी नहीं हो सकी है। सभी घायलों का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत स्थिर है, हालांकि दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है।
प्रबंधन ने ब्लास्ट की खबर को बताया गलत
रायगढ़ इस्पात संयंत्र के महाप्रबंधक सुनील पांडा ने फर्नेस ब्लास्ट होने की बात से इनकार किया है। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में कच्चे माल में नमी आ जाती है। फर्नेस के गर्म होने पर गैस का निर्माण हुआ, जो ऊपर की ओर निकली और धुआं तेजी से फैल गया।
उनके अनुसार धुएं और अचानक बनी स्थिति से घबराकर ऊपर कार्य कर रहे कुछ मजदूरों ने इधर-उधर छलांग लगा दी, जिससे उन्हें चोटें आईं। प्रबंधन का कहना है कि यह गैस फॉर्मेशन की घटना थी, न कि कोई विस्फोट।
जांच में जुटी पुलिस और स्वास्थ्य विभाग
घटना के बाद उद्योग प्रबंधन के अधिकारी अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। वहीं औद्योगिक स्वास्थ्य विभाग की टीम और पुलिस भी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
सुरक्षा व्यवस्था की होगी समीक्षा
घटना के बाद संयंत्र में सुरक्षा मानकों और फर्नेस संचालन प्रक्रिया की समीक्षा किए जाने की संभावना है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।




