मध्यप्रदेश वित्त आयोग की अहम बैठक आज, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जबलपुर दौरे पर रहेंगे

भोपाल में खुलेगा प्रदेश का पहला शास्त्रीय संगीत समर्पित रिकॉर्डिंग स्टूडियो
भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्यप्रदेश के छठे वित्त आयोग की महत्वपूर्ण बैठक आज भोपाल में आयोजित की जाएगी। बैठक में भोपाल संभाग के जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वित्तीय एवं प्रशासनिक विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। बैठक लालघाटी स्थित वीआईपी गेस्ट हाउस और संभागायुक्त कार्यालय में आयोजित होगी।
वित्त आयोग करेगा विकास कार्यों की समीक्षा
पूर्व मंत्री एवं वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में संभाग के सभी कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे। बैठक के दौरान स्थानीय निकायों की वित्तीय स्थिति, विकास योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की जाएगी। आयोग के सदस्य पूर्व आईएएस के.के. सिंह तथा विधानसभा के पूर्व अतिरिक्त सचिव वीरेंद्र कुमार भी उपस्थित रहेंगे।
जबलपुर जाएंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज जबलपुर दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 12 बजे भोपाल से जबलपुर के लिए रवाना होंगे। वहां वीरांगना रानी दुर्गावती बलिदान दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद दोपहर 2 बजे वे भोपाल लौटेंगे।
शाम 5 बजे मुख्यमंत्री रविंद्र भवन में आयोजित साइबर जनजागरूकता अभियान कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे और लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश देंगे।
भोपाल में शुरू होगा अत्याधुनिक रिकॉर्डिंग स्टूडियो
राजधानी भोपाल में आज प्रदेश का पहला शास्त्रीय संगीत को समर्पित आधुनिक रिकॉर्डिंग स्टूडियो शुरू होने जा रहा है। पद्मश्री गुंदेचा बंधुओं द्वारा स्थापित ध्रुपद संस्थान में यह विशेष स्टूडियो तैयार किया गया है।
लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से बने इस स्टूडियो को भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के सहयोग से विकसित किया गया है। ध्रुपद गुरुकुल में देश-विदेश के विद्यार्थी भारतीय शास्त्रीय संगीत की ध्रुपद शैली का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
ग्रैमी विजेता रिकी केज करेंगे उद्घाटन
स्टूडियो का उद्घाटन तीन बार ग्रैमी पुरस्कार विजेता संगीतकार रिकी केज करेंगे। कार्यक्रम में यशराज स्टूडियो के मुख्य साउंड रिकॉर्डिस्ट विजय दयाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
ध्रुपद संस्थान के अनुसार यह मध्य भारत का अत्याधुनिक तकनीक से लैस रिकॉर्डिंग स्टूडियो होगा, जिसमें जर्मनी की प्रसिद्ध निमान कंपनी के उन्नत उपकरण और रिकॉर्डिंग सिस्टम लगाए गए हैं। यह स्टूडियो शास्त्रीय संगीत के संरक्षण और वैश्विक प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



