दो दिन में मध्यप्रदेश में मानसून की एंट्री के संकेत, प्री-मानसून बारिश से बदला मौसम का मिजाज

मंडला-बालाघाट मार्ग से प्रदेश में प्रवेश कर सकता है मानसून
भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी और उमस से जल्द राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून प्रदेश में दस्तक दे सकता है। फिलहाल कई जिलों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है और कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा रही है।
बंगाल की खाड़ी शाखा से होगी एंट्री
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मानसून की बंगाल की खाड़ी शाखा मंडला, बालाघाट और डिंडोरी क्षेत्र से मध्यप्रदेश में प्रवेश कर सकती है। मंगलवार को मानसून मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है और अब इसकी प्रगति मध्यप्रदेश की ओर बनी हुई है।
कई जिलों में हो रही बारिश
प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियों के चलते भोपाल, इंदौर सहित कई शहरों में बादल छाने, गरज-चमक और बौछारों का दौर जारी है। मंगलवार शाम तक बालाघाट से सटे सिवनी जिले में 50 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा कई कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई है।
20 वर्षों का ट्रेंड भी दे रहा अच्छे संकेत
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 20 वर्षों में लगभग 80 प्रतिशत बार मानसून ने बंगाल की खाड़ी शाखा के जरिए ही मध्यप्रदेश में प्रवेश किया है। ऐसे वर्षों में प्रदेश में सामान्य या सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज होने की संभावना अधिक रही है। वहीं अरब सागर शाखा से मालवा-निमाड़ क्षेत्र में मानसून प्रवेश करने पर वर्षा का वितरण अपेक्षाकृत असमान देखा गया है।
तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। इसके चलते दिन के तापमान में गिरावट दर्ज होगी, हालांकि उमस बढ़ सकती है। मानसून की आधिकारिक एंट्री के बाद प्रदेशभर में वर्षा की गतिविधियां तेज होंगी और अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।



