महाराष्ट्र

मानसून की पहली बारिश में थमी मुंबई की रफ्तार, सड़कों पर 3 फीट तक पानी; हार्बर लाइन और अंधेरी सबवे बंद

भारी बारिश से मायानगरी बेहाल, कई इलाकों में जलभराव

मुंबई (शिखर दर्शन) // दक्षिण-पश्चिम मानसून के महाराष्ट्र पहुंचते ही मुंबई में मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया है। मंगलवार रात हुई लगातार भारी बारिश ने महानगर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। मानसून की पहली ही तेज बारिश में कई इलाकों में तीन फीट तक पानी भर गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया है। जलभराव के कारण हार्बर लाइन की सेवाएं प्रभावित हुई हैं, जबकि अंधेरी सबवे को एहतियातन बंद कर दिया गया है।

अंधेरी सबसे ज्यादा प्रभावित

भारी बारिश का सबसे अधिक असर अंधेरी क्षेत्र में देखने को मिला। अंधेरी सबवे पूरी तरह पानी में डूब गया, जिसके बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने सुरक्षा के मद्देनजर इसे बंद कर दिया। कई वाहन रास्ते में फंस गए और लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा।

99 मिलीमीटर तक दर्ज हुई बारिश

मौसम विभाग के अनुसार बीती रात 5 से 6 घंटे के दौरान मुंबई के विभिन्न इलाकों में 71 से 99 मिलीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई। वहीं सोमवार को सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक सबसे अधिक 78.96 मिलीमीटर बारिश नायर अस्पताल क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई।

कल्याण, डोंबिवली, कर्जत और नेरल क्षेत्रों में भी रातभर मूसलाधार बारिश होती रही, जिससे कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।

लोकल ट्रेनें हुईं प्रभावित

लगातार बारिश के चलते मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। पश्चिमी और मध्य रेलवे की कई ट्रेनें 20 से 30 मिनट की देरी से चल रही हैं। वहीं तकनीकी कारणों और जलभराव के चलते हार्बर लाइन की सेवाओं पर भी असर पड़ा है।

मुंबई समेत कई जिलों में अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई और उसके उपनगरों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। ठाणे जिले में ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है, जबकि पालघर को भी रेड अलर्ट श्रेणी में रखा गया है।

इसके अलावा रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ भारी बारिश और 41 से 61 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

प्रशासन सतर्क, लोगों से सावधानी बरतने की अपील

भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। बीएमसी, आपदा प्रबंधन दल और अन्य एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं तथा प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य जारी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!