ATS जांच के बाद इजहार उल हक न्यायिक हिरासत में, 14 दिन के लिए भेजा गया जेल

रिमांड समाप्त होने पर अदालत में पेशी, जांच एजेंसी ने नहीं मांगी आगे की हिरासत
भोपाल (शिखर दर्शन) // आतंकवाद से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों के मामले में गिरफ्तार इजहार उल हक को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद एटीएस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे जेल भेजने का आदेश जारी किया।
ATS ने नहीं मांगी अतिरिक्त रिमांड
मामले की जांच कर रही एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) ने इस बार इजहार उल हक की आगे की रिमांड की मांग नहीं की। इससे पहले एटीएस ने उसे हिरासत में लेकर कई दिनों तक पूछताछ की थी। पूछताछ के दौरान उससे संदिग्ध नेटवर्क, संपर्कों और गतिविधियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी जुटाई गई।
चार राज्यों से चार संदिग्धों की हुई थी गिरफ्तारी
जांच एजेंसियों के अनुसार इस मामले में अब तक चार अलग-अलग राज्यों से चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें फरहाज, शाकिर, मनईम और इजहार उल हक के नाम शामिल हैं। सभी आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ कर महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाने का दावा किया गया है।
भोपाल जेल में बंद हैं सभी आरोपी
फिलहाल चारों आरोपी भोपाल जेल में न्यायिक हिरासत में बंद हैं। सुरक्षा एजेंसियां मामले से जुड़े नेटवर्क, संपर्क सूत्रों और संभावित गतिविधियों की गहन जांच कर रही हैं। जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा एजेंसियां सतर्क, जांच जारी
अधिकारियों के अनुसार मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण अत्यंत संवेदनशील माना जा रहा है। जांच एजेंसियां आरोपियों के संपर्कों, वित्तीय लेन-देन और अन्य संभावित कड़ियों की पड़ताल में जुटी हुई हैं। मामले में आगे और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।



