मध्यप्रदेश

मंत्रालय में बैठकों का दिन, आज से शुरू होगी तबादला प्रक्रिया

मुख्यमंत्री मोहन यादव लेंगे अहम समीक्षा बैठकें, 15 जून तक पूरे होंगे स्थानांतरण

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश में 1 जून का दिन प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहने वाला है। मुख्यमंत्री Mohan Yadav आज मंत्रालय में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठकों में शामिल होंगे। वहीं राज्य में लंबे समय से प्रतीक्षित तबादला प्रक्रिया भी आज से औपचारिक रूप से शुरू हो रही है।

मुख्यमंत्री का दिन राजधानी भोपाल में बैठकों और प्रशासनिक गतिविधियों के बीच व्यतीत होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 11 बजे लोकभवन पहुंचेंगे। इसके बाद 11:30 बजे मंत्रालय में महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक करेंगे, जिसमें विभागीय योजनाओं और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।

दोपहर 12:30 बजे मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश यात्री परिवहन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के संचालक मंडल की तृतीय बैठक में भाग लेंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे का समय गणमान्य नागरिकों और अधिकारियों से मुलाकात के लिए निर्धारित किया गया है।

इधर राज्य के अधिकारी-कर्मचारियों के लिए भी आज से महत्वपूर्ण प्रक्रिया शुरू हो रही है। राज्य सरकार की तबादला नीति के तहत 1 जून से स्थानांतरण आदेश जारी किए जाएंगे। सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार सभी विभागों को 15 जून तक स्वैच्छिक और प्रशासनिक आधार पर तबादलों की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

पुलिस विभाग में आरक्षक से लेकर उप निरीक्षक स्तर तक के स्थानांतरण की कार्रवाई प्रारंभ हो चुकी है। जिला पुलिस अधीक्षकों और पुलिस आयुक्तों को 5 जून तक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं शिक्षा सहित अन्य विभागों ने भी जिलों में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों की जानकारी तलब की है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संविदा कर्मियों को स्थानांतरण के लिए 2 जून तक ऑनलाइन आवेदन करने का अवसर दिया गया है। प्रशासनिक हलकों में तबादला प्रक्रिया को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!