शराब भट्टी में मामूली विवाद बना खूनी झगड़ा, चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार

सिगरेट और चखना के पैसों को लेकर हुआ विवाद, चाकू से हमला कर दो युवकों को किया घायल
अकलतरा / जांजगीर-चांपा ( शिखर दर्शन ) // अकलतरा थाना क्षेत्र स्थित शराब भट्टी में मामूली विवाद के बाद हुई चाकूबाजी की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
शराब भट्टी में हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी धीरज खाण्डेकर अपने दोस्त हेतराम केवट के साथ 26 मई 2026 को अकलतरा आए हुए थे। दोनों काम खत्म करने के बाद अकलतरा स्थित शराब भट्टी में शराब पीने पहुंचे। इसी दौरान चखना दुकान संचालक मंजीत सिंह, निवासी सुपेला भिलाई से सिगरेट और चखना लेने के बाद पैसों को लेकर विवाद हो गया।
गाली-गलौच के बाद चाकू से हमला
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी मंजीत सिंह ने गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने हाथ-मुक्के और धारदार चाकू से दोनों युवकों पर हमला कर दिया। घटना में धीरज खाण्डेकर के बाएं हाथ की भुजा के पास चोट आई, जबकि हेतराम केवट के दाहिने हाथ की मुट्ठी में चोट लगी।
पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई
मामले की शिकायत पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 293/26 दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की। जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी जब्त किया है।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, थाना प्रभारी अकलतरा, एएसआई सुरेंद्र कश्यप और आरक्षक शेष साहू की विशेष भूमिका रही।



