आसमान से ‘आग’ की बारिश! नौतपा के तीसरे दिन जमकर तपा मध्य प्रदेश

खजुराहो में पारा 46 डिग्री के पार, कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट, अगले 3 दिन बारिश और प्री-मानसून एक्टिविटी के आसार
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश में नौतपा के तीसरे दिन भी भीषण गर्मी का कहर जारी रहा। प्रदेश के कई शहरों में आसमान से मानो आग बरसती रही। छतरपुर जिले के खजुराहो में सबसे अधिक 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं नौगांव में पारा 45.6 डिग्री तक पहुंच गया। प्रदेश के करीब 16 शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।
कई शहरों में 44 से 45 डिग्री तक पहुंचा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार दतिया में 45.2 डिग्री, दमोह, सतना और टीकमगढ़ में 45 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा रीवा में 44.8 डिग्री, राजगढ़ में 44.6 डिग्री, श्योपुर में 44.4 डिग्री, गुना में 44.3 डिग्री और नरसिंहपुर में 44.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
सागर, मंडला, मुरैना और रायसेन समेत कई शहरों में भी पारा 44 डिग्री के करीब पहुंच गया। ग्वालियर का तापमान 44.1 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में 43.2 डिग्री, जबलपुर में 43.9 डिग्री, उज्जैन में 42 डिग्री और इंदौर में 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
28 मई तक गर्मी का रहेगा असर
मौसम विभाग का कहना है कि 28 मई तक प्रदेश में गर्मी का दौर अपने चरम पर रहेगा। हालांकि इसके बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। अगले तीन दिनों तक कई जिलों में बारिश, तेज हवा और प्री-मानसून गतिविधियों की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में रेड अलर्ट जारी
भीषण गर्मी और लू को देखते हुए मौसम विभाग ने छतरपुर, निवाड़ी, सतना, टीकमगढ़, रीवा और पन्ना जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में लोगों को अत्यधिक सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
ग्वालियर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिंगरौली, सागर, सीधी, राजगढ़, भिंड, मुरैना, मऊगंज, मैहर, दतिया, दमोह, कटनी, बालाघाट, शहडोल, मंडला, आगर-मालवा और उमरिया जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
येलो अलर्ट वाले जिले
भोपाल, उज्जैन, खंडवा, विदिशा, सीहोर, रतलाम, रायसेन, देवास, खरगोन, बुरहानपुर, शाजापुर, नरसिंहपुर, नीमच, शिवपुरी, श्योपुर, सिवनी, अशोकनगर, अनूपपुर, गुना, मंदसौर, डिंडोरी और पांढुर्णा जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।


