भरे बाजार ज्वेलरी व्यवसायी की गोली मारकर हत्या

लूट के बाद बदमाशों ने मारी गोली, इलाज के दौरान मौत; पल्सर सवार तीन आरोपी फरार
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। कोटमी गांव के भरे बाजार में ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि बदमाश लूट की नीयत से पहुंचे थे और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
बाजार में दुकान लगाए बैठे थे व्यवसायी
मिली जानकारी के अनुसार पेण्ड्रा निवासी प्रदीप सोनी, जो पेशे से सराफा व्यवसायी थे, कोटमी गांव के साप्ताहिक बाजार में अपनी दुकान लगाए हुए थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे और लूटपाट की कोशिश करने लगे।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले सोने-चांदी के जेवर लूटे और फिर व्यवसायी पर कट्टा तानकर गोली चला दी। गोली लगते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
पल्सर बाइक पर आए थे तीन बदमाश
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपी थे, जो पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही थी। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इलाके में दहशत, पुलिस ने की नाकेबंदी
भरे बाजार में हुई इस हत्या और लूट की वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और टीम मौके पर पहुंच गई।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिलेभर में नाकेबंदी कर दी गई है। पुलिस पल्सर सवार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।




