भाजपा का ‘प्रशिक्षण महाअभियान’ तैयारियों के अंतिम चरण में

झूलेलाल मंगलम पहुंचे योग आयोग अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा, व्यवस्थाओं का लिया जायजा; दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण में जुटेंगे भाजपा पदाधिकारी
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक सशक्तिकरण और वैचारिक प्रशिक्षण को लेकर आयोजित होने जा रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम से पहले प्रशिक्षण प्रभारी एवं योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा ने रविवार को आयोजन स्थल झूलेलाल मंगलम पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया और पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। रूपनारायण सिन्हा ने मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, आवासीय सुविधा, भोजन प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर के नेतृत्व में चल रही तैयारियों पर संतोष जताते हुए आयोजन समिति की सराहना की।
25 मई से शुरू होगा दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण
भाजपा द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण महाअभियान 25 मई से प्रारंभ होगा, जिसमें अपेक्षित पदाधिकारियों का दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से संगठन विस्तार, विचारधारा, मीडिया प्रबंधन, सोशल मीडिया, इतिहास, विकास और समकालीन राजनीतिक चुनौतियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।
पहले दिन होंगे वैचारिक और संगठनात्मक सत्र
प्रथम दिवस के उद्घाटन सत्र को बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल संबोधित करेंगे। दूसरे सत्र का उद्घाटन क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नि करेंगे। तीसरे सत्र में संभाग सहप्रभारी अभिषेक शुक्ला कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे।
चौथे सत्र में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला मीडिया प्रबंधन विषय पर अपने विचार रखेंगे। वहीं पांचवां सत्र संभाग प्रभारी एवं सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी के आतिथ्य में आयोजित होगा, जिसमें वे कार्य विस्तार और संगठनात्मक मजबूती पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी।
छठवें सत्र में भाजपा प्रदेश मंत्री श्रीमती हर्षिता पांडे का संबोधन होगा। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
दूसरे दिन इतिहास, राजनीति और विचारधारा पर मंथन
दूसरे दिन सातवें सत्र में प्रदेश आईटी सेल संयोजक सुनील पिल्लई डिजिटल और आईटी विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। आठवें सत्र में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक “हमारा इतिहास एवं विकास” विषय पर संबोधित करेंगे।
नौवें सत्र में पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल “देश के समक्ष चुनौतियां, राजनीति एवं सामाजिक विषय” पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसी सत्र में प्रदेश सोशल मीडिया सहसंयोजक श्रद्धा मिश्रा भी अपने विचार रखेंगी।
दसवें सत्र में योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा “विचार परिवार” विषय पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। इसके बाद 11वें सत्र में प्रदेश प्रशिक्षण विभाग के संयोजक डॉ. अखिलेश जैन “हमारा सैद्धांतिक अधिष्ठान” विषय पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
समापन समारोह में शामिल होंगे उपमुख्यमंत्री अरुण साव
प्रशिक्षण महाअभियान के समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव होंगे। भाजपा संगठन इस प्रशिक्षण शिविर को आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मान रहा है।



