भोपाल से नोएडा की उड़ान अब आसान

1 जुलाई से शुरू होगी भोपाल-जेवर डायरेक्ट फ्लाइट, इंडिगो ने शुरू की टिकट बुकिंग; पश्चिमी यूपी जाने वालों को बड़ी राहत
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // राजधानी भोपाल से अब नोएडा और पश्चिमी उत्तरप्रदेश की यात्रा पहले से ज्यादा आसान और तेज होने जा रही है। एयरलाइंस कंपनी इंडिगो ने भोपाल से जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए 1 जुलाई से सीधी फ्लाइट सेवा शुरू करने का फैसला लिया है। कंपनी ने इसकी टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी है। नई फ्लाइट सेवा शुरू होने से व्यापार, नौकरी, शिक्षा और व्यवसायिक कार्यों के लिए उत्तरप्रदेश जाने वाले यात्रियों को बड़ा फायदा मिलेगा।
रोजाना उड़ान भरेगी फ्लाइट, डेढ़ घंटे में पहुंचेगा सफर
इंडिगो की यह फ्लाइट प्रतिदिन संचालित होगी। फ्लाइट नंबर 6E-7654 शाम 7:40 बजे भोपाल एयरपोर्ट से उड़ान भरेगी और रात 9:25 बजे जेवर एयरपोर्ट पहुंचेगी। वहीं वापसी में फ्लाइट नंबर 6E-7653 शाम 5:20 बजे जेवर से रवाना होकर शाम 7 बजे भोपाल पहुंचेगी।
करीब 1 घंटा 45 मिनट की इस हवाई यात्रा के लिए शुरुआती किराया 4662 रुपए रखा गया है। एयरलाइन कंपनी के मुताबिक टिकटों की बुकिंग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और अधिकृत एजेंसियों के माध्यम से शुरू कर दी गई है।
दिल्ली के ट्रैफिक और लंबी यात्रा से मिलेगी राहत
नई फ्लाइट सेवा शुरू होने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और पश्चिमी उत्तरप्रदेश के शहरों तक पहुंचना काफी आसान हो जाएगा। अब यात्रियों को दिल्ली एयरपोर्ट उतरने के बाद लंबा सड़क या रेल सफर तय नहीं करना पड़ेगा। इससे समय की बचत होगी और यात्रा अधिक सुविधाजनक बन सकेगी।
भोपाल की एयर कनेक्टिविटी होगी और मजबूत
यह सेवा 78 सीट वाले एटीआर-72 विमान से संचालित की जाएगी। माना जा रहा है कि नई फ्लाइट शुरू होने से भोपाल की हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों, निवेश और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।



