बांधवगढ़ में टाइगर टेरर: बस्ती में घुसे बाघ ने महिला को मार डाला, 4 घायल

गुस्साए ग्रामीणों ने रेंजर पर किया हमला, उधर रेस्क्यू किए गए हाथी E-5 को सैटेलाइट कॉलर लगाकर जंगल में छोड़ा गया
उमरिया ( शिखर दर्शन ) // विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से रविवार को दो बड़ी घटनाएं सामने आईं। एक तरफ पनपथा रेंज में बस्ती के भीतर घुसे बाघ के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार ग्रामीण घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में भारी दहशत फैल गई। वहीं दूसरी ओर शहडोल क्षेत्र से रेस्क्यू किए गए जंगली हाथी E-5 को स्वास्थ्य परीक्षण के बाद सैटेलाइट कॉलर पहनाकर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।
सुबह-सुबह बस्ती में घुसा बाघ, दो घरों में बनाया ठिकाना
पनपथा रेंज के ग्राम खेरवा टोला में सुबह तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बाघ जंगल से निकलकर रिहायशी इलाके में घुस आया। बताया जा रहा है कि बाघ एक-एक कर दो घरों में घुस गया और वहीं डेरा जमा लिया। अचानक हुए हमले में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
आक्रोशित भीड़ ने रेंजर को घेरा, सिर पर आई गंभीर चोट
घटना से नाराज ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे वन विभाग के रेंजर पर हमला कर दिया। हमले में रेंजर के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए मानपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर अनुपम सहाय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम को मौके पर रवाना कर दिया गया था और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
4 दिन की मशक्कत के बाद हाथी E-5 का सफल रेस्क्यू
उधर खितौली वन परिक्षेत्र से भी राहत भरी खबर सामने आई। दक्षिण शहडोल वन मंडल के केशवाही परिक्षेत्र में पिछले कई दिनों से एक जंगली हाथी की मौजूदगी से ग्रामीण दहशत में थे। बांधवगढ़ की रेस्क्यू टीम ने चार दिनों की कड़ी मेहनत के बाद हाथी E-5 को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
देर रात उसका विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसके बाद वन विभाग ने उसे दोबारा जंगल में छोड़ दिया। हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए उसके गले में सैटेलाइट कॉलर लगाया गया है, जिससे उसकी रियल टाइम लोकेशन ट्रैक की जा सकेगी।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने जताया दुख, 25 लाख सहायता राशि का ऐलान
बाघ हमले में महिला की मौत पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए 25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों के नि:शुल्क उपचार और आवश्यक मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत महिला की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।



