इंस्टाग्राम दोस्ती, होटल में मुलाकात और फिर दुष्कर्म

जन्मदिन मनाने के बहाने युवती को होटल ले गया युवक, शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप; आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // सोशल मीडिया के जरिए हुई दोस्ती एक बार फिर गंभीर आपराधिक मामले में बदल गई। तोरवा थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार रतनपुर क्षेत्र के ग्राम जरेली निवासी 19 वर्षीय निलेश जायसवाल की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए तोरवा क्षेत्र में रहने वाली एक युवती से हुई थी। सोशल मीडिया पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे गहरी दोस्ती में बदल गई। दोनों के बीच लगातार फोन पर बातचीत होने लगी और मुलाकातों का सिलसिला भी शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले निलेश का जन्मदिन था। जन्मदिन मनाने के बहाने उसने युवती को तोरवा क्षेत्र स्थित एक होटल में बुलाया। वहां दोनों ने साथ समय बिताया। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने युवती को शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता का आरोप है कि बाद में युवक अपने वादे से मुकर गया। खुद को ठगा महसूस करने के बाद युवती ने तोरवा थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आरोपी युवक को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं मामले की विवेचना जारी है।



