देशभर में दवा कारोबार ठप: 20 मई को बंद रहेंगे मेडिकल स्टोर, MP के 41 हजार केमिस्ट भी हड़ताल में शामिल

ऑनलाइन दवा बिक्री और भारी डिस्काउंट के खिलाफ केमिस्टों का बड़ा आंदोलन
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // ऑनलाइन दवा बिक्री और ई-फार्मेसी कंपनियों द्वारा दिए जा रहे भारी डिस्काउंट के विरोध में 20 मई को देशभर में मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। All India Chemists and Druggists Association के आह्वान पर आयोजित इस राष्ट्रव्यापी बंद में मध्यप्रदेश के करीब 41 हजार केमिस्ट भी शामिल होंगे।
“ऑनलाइन फार्मेसी खत्म कर रही ऑफलाइन कारोबार”
केमिस्ट संगठनों का आरोप है कि ई-फार्मेसी कंपनियां भारी छूट देकर पारंपरिक मेडिकल स्टोरों के कारोबार को प्रभावित कर रही हैं। साथ ही कई प्रतिबंधित और संवेदनशील दवाओं की भी ऑनलाइन बिक्री की जा रही है, जो मरीजों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।
संगठनों का कहना है कि देशभर के 12 लाख से अधिक केमिस्ट इस बंद में शामिल होकर सरकार का ध्यान इस गंभीर मुद्दे की ओर आकर्षित करेंगे।
मध्यप्रदेश में भी पूरी तरह बंद रहेंगी दवा दुकानें
Madhya Pradesh Chemists Association के जनरल सेक्रेटरी राजीव सिंघल ने कहा कि उनकी प्रमुख मांग ऑनलाइन दवा बिक्री पर तत्काल रोक लगाने, अत्यधिक डिस्काउंट बंद करने और प्रतिबंधित दवाओं की ऑनलाइन बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने की है।
उन्होंने कहा कि सरकार लगातार इस मुद्दे की अनदेखी कर रही है, जिसके चलते केमिस्ट संगठनों को मजबूर होकर बंद का फैसला लेना पड़ा।
मरीजों से पहले ही दवा लेने की अपील
केमिस्ट संगठनों ने मरीजों और आम लोगों से अपील की है कि वे अपनी नियमित और जरूरी दवाएं पहले से खरीद लें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
हालांकि बंद के दौरान अस्पताल परिसरों में संचालित मेडिकल स्टोर और प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र खुले रहेंगे, जिससे आपातकालीन दवाओं की उपलब्धता बनी रहे।



