“पापा, मुझे नहीं ले गए तो ये मार देंगे…”: ‘इंस्टाग्राम क्वीन’ पलक रजक की रहस्यमयी मौत से सनसनी, डिप्रेशन वाली रील्स ने खोले कई राज

शादी के बाद प्रताड़ना का आरोप, मौत से पहले पिता को किया था भावुक कॉल
ग्वालियर ( शिखर दर्शन ) // Gwalior में सोशल मीडिया पर ‘इंस्टाग्राम क्वीन’ के नाम से पहचान बना चुकी 21 वर्षीय पलक रजक की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। आत्महत्या और हत्या के दावों के बीच पुलिस अब इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। खासतौर पर मौत से पहले पलक द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई रील्स और उसके आखिरी फोन कॉल को जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
मामला मुरार थाना क्षेत्र के सुरैयापुरा इलाके का है, जहां 12 मई की शाम पलक का शव उसके घर में मिला था। परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही पलक को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों के अनुसार सास और देवर उस पर कार और सोने की चैन लाने का दबाव बना रहे थे, जबकि पति अमित भी इस पूरे मामले में चुप रहता था।

परिवार ने पुलिस को बताया कि मौत से करीब 20 मिनट पहले पलक ने अपने पिता को फोन किया था। फोन पर वह बेहद परेशान थी और रोते हुए बोली थी, “पापा, मेरे साथ कोई बात नहीं करता… तीन दिन से खाना नहीं खाया… अगर मुझे यहां से नहीं ले गए तो ये लोग मुझे मार देंगे।”
जांच के दौरान पुलिस को पलक के इंस्टाग्राम अकाउंट से कई ऐसी रील्स मिली हैं, जिनमें मानसिक तनाव और अवसाद के संकेत दिखाई दे रहे हैं। 10 मई को पोस्ट की गई एक रील में उसने ‘Panic Attack’, ‘Anxiety’, ‘Sleepless Nights’, ‘Continuous Crying’ और ‘Depression’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। वहीं 24 अप्रैल को मैरिज एनिवर्सरी पर पोस्ट की गई रील में भी उसकी निजी जिंदगी के दर्द और टूटन की झलक दिखाई दी थी।
हालांकि पुलिस की शुरुआती जांच में मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजन इसे सुनियोजित हत्या बता रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुरार जिला अस्पताल में डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर दूसरी राय भी ली जाएगी।
Madhya Pradesh Police ने पलक के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया गतिविधियों और परिवार के बयानों को जांच में शामिल कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह आत्महत्या थी या फिर किसी बड़ी साजिश के तहत हत्या।



