भाजपा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की तैयारी, हर सप्ताह तय होंगे अलग-अलग कार्यक्रम

जिला पदाधिकारियों और मोर्चा अध्यक्षों की बैठक में बनी रणनीति
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // भारतीय जनता पार्टी जिला बिलासपुर शहर के जिला पदाधिकारियों एवं मोर्चा के जिलाध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
हर सप्ताह संगठनात्मक गतिविधियों का रहेगा अलग एजेंडा
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय और प्रदेश भाजपा कार्यालय के निर्देशानुसार अब प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह में मंडल स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें बूथ स्तर से लेकर मंडल, जिला और राष्ट्रीय स्तर तक के पदाधिकारी शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह के दूसरे सप्ताह में जिला पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। वहीं तीसरे सप्ताह में शक्ति केंद्रों की बैठक होगी और चौथे सप्ताह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ पर सामूहिक रूप से सुना जाएगा। इसके बाद बूथ स्तरीय बैठक आयोजित कर स्थानीय समस्याओं और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की जाएगी।
25-26 मई को होगा जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग
बैठक में 25 एवं 26 मई को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों को कार्यक्रम की रूपरेखा और जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई।

दीपक सिंह ठाकुर ने बताया कि दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई केंद्रीय मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्यप्रणाली, जनसंपर्क और बूथ प्रबंधन को लेकर विशेष मार्गदर्शन दिया जाएगा।
बैठक में ये पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, सोमेश तिवारी, प्रदीप कौशिक, गुलशन ऋषि, अजीत सिंह भोगल, संतोष कौशिक, अश्वनी शर्मा, पेंगन वर्मा, देवेन्द्र कौशिक, रितेश अग्रवाल, चंदना गोस्वामी, गायत्री दुबे, के.के शर्मा, दुर्गेश पाण्डेय, देवेश खत्री, वैभव गुप्ता, घनश्याम कौशिक, दिनेश राजपूत, मो. हनीफ, श्याम सिंह ध्रुव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे।




