राष्ट्रीय

असम में फिर ‘हिमंता राज’ की वापसी: दूसरी बार CM बने हिमंता बिस्वा सरमा, पीएम मोदी-अमित शाह रहे मौजूद

गुवाहाटी में भव्य शपथ ग्रहण समारोह, चार मंत्रियों ने भी ली शपथ, NDA की लगातार तीसरी सरकार

गुवाहाटी ( शिखर दर्शन ) // हिमंता बिस्वा सरमा ने मंगलवार को लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर नया राजनीतिक इतिहास रच दिया। लक्ष्मण आचार्य ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही हिमंता बिस्वा सरमा असम के पहले गैर-कांग्रेसी नेता बन गए हैं, जिन्होंने लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद संभाला है।

पीएम मोदी, अमित शाह समेत कई दिग्गज रहे मौजूद

गुवाहाटी के खानापारा स्थित वेटरनरी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे। समारोह में एनडीए शासित राज्यों के वरिष्ठ नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली।

चार विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली

मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के साथ चार नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। इनमें रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और अजंता नियोग शामिल हैं। इनमें दो मंत्री भाजपा और दो सहयोगी दलों से हैं।

सहयोगी दलों को भी मिला प्रतिनिधित्व

बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट के नेता चरण बोरो लगातार तीसरी बार विधायक बने हैं। उन्हें भाजपा और बीपीएफ गठबंधन को मजबूत करने वाला अहम चेहरा माना जाता है। वहीं अजंता नियोग लगातार छठी बार विधायक बनी हैं और कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी की मजबूत महिला चेहरों में गिनी जाती हैं।

असम गण परिषद के अध्यक्ष अतुल बोरा छात्र राजनीति से उभरकर बड़े नेता बने हैं और पिछली सरकारों में भी मंत्री रह चुके हैं। वहीं रामेश्वर तेली को असम के प्रमुख जनजातीय नेताओं में गिना जाता है। वे केंद्र सरकार में भी मंत्री पद संभाल चुके हैं।

असम में NDA की प्रचंड जीत

असम विधानसभा चुनाव 2026 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 102 सीटों पर जीत दर्ज की। भाजपा ने अकेले 82 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल किया, जबकि सहयोगी दल असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने 10-10 सीटें जीतीं।

राज्य में एनडीए की यह लगातार तीसरी सरकार है। इसकी शुरुआत वर्ष 2016 में सर्बानंद सोनोवाल के नेतृत्व में हुई थी, जिसे अब हिमंता बिस्वा सरमा आगे बढ़ा रहे हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!