महाकाल की शरण में पहुंचीं एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया, भस्म आरती में हुईं शामिल, बाबा की भक्ति में दिखीं लीन

माथे पर त्रिपुंड, नंदी हॉल में 2 घंटे बैठकर किया बाबा महाकाल का ध्यान

उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // तमन्ना भाटिया मंगलवार तड़के श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। बॉलीवुड और साउथ फिल्मों की चर्चित अभिनेत्री तमन्ना भक्ति भाव में पूरी तरह लीन नजर आईं।
नंदी हॉल में बैठकर 2 घंटे तक देखी भस्म आरती
माथे पर चंदन का त्रिपुंड लगाए तमन्ना भाटिया ने नंदी हॉल में करीब दो घंटे तक बैठकर बाबा महाकाल की दिव्य भस्म आरती का दर्शन किया। इस दौरान वे पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ आरती में शामिल रहीं। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी अभिनेत्री की एक झलक पाने के लिए उत्साह दिखाया।
नंदी जी के कान में कही मनोकामना
भस्म आरती के बाद तमन्ना ने नंदी महाराज का पूजन किया और उनके कानों में अपनी मनोकामना भी कही। इसके बाद उन्होंने चांदी द्वार से भगवान महाकाल को जल अर्पित कर आशीर्वाद लिया।
“बाबा जिसे बुलाते हैं, वही यहां आ पाता है”
दर्शन के बाद तमन्ना भाटिया ने कहा कि बाबा महाकाल जिसे बुलाते हैं, वही यहां तक पहुंच पाता है। उन्होंने कहा कि महाकाल मंदिर का वातावरण अद्भुत ऊर्जा से भरा हुआ है और दो घंटे तक इस दिव्य माहौल में बैठकर भस्म आरती का अनुभव करना शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता।

फिल्मों और फिटनेस की दुनिया में बड़ा नाम
तमन्ना भाटिया दक्षिण भारतीय और हिंदी फिल्मों की लोकप्रिय अभिनेत्री हैं। उन्होंने कम उम्र में अभिनय करियर की शुरुआत की थी और बाहुबली में ‘अवंतिका’ के किरदार से खास पहचान बनाई। इसके अलावा वे ‘हैप्पी डेज़’ और हिम्मतवाला जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं। तमन्ना एक प्रशिक्षित डांसर और फिटनेस आइकन के रूप में भी जानी जाती हैं।



