CM डॉ. मोहन का असम दौरा आज, MP में UCC लागू करने की प्रक्रिया तेज, विस्थापित परिवारों से मिलेंगे जीतू पटवारी

शपथ ग्रहण समारोह से लेकर यूसीसी बैठक और केन-बेतवा परियोजना तक, आज के बड़े राजनीतिक घटनाक्रम
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // डॉ. मोहन यादव आज असम दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री गुवाहाटी में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे, जहां हिमंत बिस्वा सरमा दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। समारोह सुबह 11 बजे आयोजित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।
केन-बेतवा परियोजना से प्रभावित परिवारों से मिलेंगे जीतू पटवारी
जीतू पटवारी आज छतरपुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे केन-बेतवा लिंक परियोजना के तहत ढोढन बांध निर्माण से प्रभावित और विस्थापित परिवारों से मुलाकात करेंगे। साथ ही जिला कलेक्टर से भी चर्चा करेंगे।
जीतू पटवारी की मांग है कि डूब प्रभावित क्षेत्रों में आने वाले ग्रामीणों को उचित और बढ़ा हुआ मुआवजा दिया जाए। परियोजना के तहत पन्ना टाइगर रिजर्व के 21 गांव प्रभावित हो रहे हैं, जिनमें छतरपुर जिले के 14 और पन्ना जिले के 7 गांव शामिल हैं।
21 गांव हो रहे प्रभावित
जानकारी के अनुसार ढोढन बांध के निर्माण से 10 गांव सीधे डूब क्षेत्र में आएंगे, जबकि वन भूमि क्षतिपूर्ति के कारण अतिरिक्त गांव भी प्रभावित होंगे। हालांकि कुछ गांवों की भूमि दोनों श्रेणियों में कॉमन होने के कारण कुल प्रभावित गांवों की संख्या 21 बताई गई है।
मध्यप्रदेश में UCC लागू करने की तैयारी तेज
मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। आज दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में यूसीसी कमेटी की पहली बैठक आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई करेंगी।
6 सदस्यीय विशेषज्ञ समिति की इस पहली बैठक में मध्यप्रदेश के लिए संभावित प्रारूप और विभिन्न कानूनी पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। माना जा रहा है कि राज्य सरकार यूसीसी को लेकर प्रारंभिक रूपरेखा तैयार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।



