राष्ट्रीय

24 घंटे में दूसरी बार PM मोदी ने की देशवासियों से बड़ी अपील ‘पेट्रोल-डीजल बचाइए, सोना खरीदना कम कीजिए…

विदेशी मुद्रा बचाने पर जोर, बोले- वैश्विक हालात में आर्थिक अनुशासन जरूरी

वडोदरा ( शिखर दर्शन ) // नरेंद्र मोदी ने लगातार दूसरे दिन देशवासियों से विदेशी मुद्रा बचाने और आयात पर निर्भरता कम करने की अपील की। सोमवार को गुजरात के वडोदरा में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पेट्रोल-डीजल का संयम से इस्तेमाल करना समय की बड़ी जरूरत है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन अपनाने और गैरजरूरी खर्चों से बचने का आग्रह किया।

पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की सलाह

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जहां संभव हो, लोग निजी वाहनों के बजाय पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करें। उन्होंने सरकारी और निजी कार्यालयों से भी वर्चुअल मीटिंग और वर्क फ्रॉम होम को प्राथमिकता देने की अपील की। पीएम ने कहा कि बदलते वैश्विक हालातों के बीच ऊर्जा संरक्षण और आत्मनिर्भरता देश के लिए बेहद जरूरी हो गई है।

उन्होंने कहा, “हमें हर छोटे-बड़े प्रयास से देश के संसाधनों की रक्षा करनी है। विदेशी मुद्रा पर पड़ने वाले दबाव को कम करना आज देशहित में आवश्यक है।”

सोना खरीदने से बचने की अपील

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को सोने के आयात पर बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा खर्च करनी पड़ती है, जिससे अर्थव्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव बढ़ता है। उन्होंने लोगों से कम से कम एक वर्ष तक सोने की खरीद टालने और आर्थिक अनुशासन अपनाने की अपील की।

पीएम मोदी ने कहा कि जब-जब देश संकट और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से गुजरा है, तब नागरिकों ने जिम्मेदारी निभाई है। मौजूदा वैश्विक हालात में भी देशवासियों को आत्मनिर्भरता और संयम को प्राथमिकता देनी चाहिए।

खाने के तेल के आयात पर जताई चिंता

प्रधानमंत्री ने खाने के तेल के बढ़ते आयात पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने लोगों से स्थानीय उत्पादों को अपनाने और वोकल फॉर लोकल को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और आयात पर निर्भरता कम होगी।

वडोदरा में कई परियोजनाओं का लोकार्पण

सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी गुजरात के वडोदरा पहुंचे, जहां उन्होंने सरदारधाम प्रोजेक्ट से जुड़ी कई विकास योजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान 150 करोड़ रुपये की लागत से बने “डॉक्टर दुष्यंत और दक्षा पटेल छात्रालय” का भी लोकार्पण किया गया। इस छात्रावास में लगभग 2 हजार छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी।

सोमनाथ अमृत महोत्सव का किया उल्लेख

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने सोमनाथ मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के 75 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित “सोमनाथ अमृत महोत्सव” का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह दिन किसी पुण्य पर्व से कम नहीं है।

चुनावी नतीजों पर भी बोले प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के चुनाव परिणामों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन नतीजों ने देशभर में नया उत्साह पैदा किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि गुजरात ने हमेशा राजनीतिक स्थिरता और विकास को प्राथमिकता दी है, जो राज्य की प्रगति का बड़ा आधार रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!