दिल्ली में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, ऐतिहासिक मंदिर और सैन्य ठिकाने थे निशाने पर

पाकिस्तान समर्थित मॉड्यूल के 9 आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे
नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पाकिस्तान समर्थित ‘शहजाद भट्टी मॉड्यूल’ से जुड़े 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और संदिग्ध सामग्री बरामद हुई है। पूछताछ में सामने आया है कि यह मॉड्यूल दिल्ली के एक ऐतिहासिक मंदिर, हरियाणा के सैन्य ठिकानों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाने की साजिश रच रहा था।
जांच में खुलासा हुआ है कि मॉड्यूल से जुड़े एक आरोपी ने दिल्ली के एक प्रमुख ऐतिहासिक मंदिर की रेकी की थी। आरोपी ने मंदिर परिसर और वहां की सुरक्षा व्यवस्था की तस्वीरें व वीडियो बनाकर पाकिस्तान में बैठे कथित हैंडलर्स को भेजे थे। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इन जानकारियों का इस्तेमाल संभावित हमले की योजना तैयार करने के लिए किया जा सकता था। इसके बाद राजधानी सहित कई संवेदनशील धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आतंकियों की योजना मंदिर परिसर और वहां तैनात पुलिसकर्मियों व अर्धसैनिक बलों को निशाना बनाकर दहशत फैलाने की थी। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह साजिश किस स्तर तक पहुंच चुकी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि दिल्ली-सोनीपत हाईवे पर स्थित एक मशहूर ढाबा भी आतंकियों के निशाने पर था। जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपियों की योजना भीड़भाड़ वाले इस स्थान पर हैंड ग्रेनेड से हमला कर अधिकतम नुकसान पहुंचाने की थी।
इसके अलावा हिसार स्थित एक सैन्य कैंप की भी रेकी किए जाने का खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपियों ने सैन्य परिसर से जुड़े वीडियो अपने पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स को भेजे थे। वहीं उत्तर प्रदेश के कुछ पुलिस थानों को भी संभावित टारगेट के रूप में चिन्हित किया गया था।
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने यह कार्रवाई कई राज्यों में एक साथ चलाए गए समन्वित अभियान के तहत की। फिलहाल जांच एजेंसियां मॉड्यूल के नेटवर्क, फंडिंग, सीमा पार कनेक्शन और संभावित सहयोगियों की गहन जांच में जुटी हुई हैं।



