धर्मांतरण का सनसनीखेज आरोप: प्रार्थना सभा में 16 हिंदुओं को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रलोभन , FIR दर्ज

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // जिले में एक बार फिर धर्मांतरण का मामला सामने आया है। सरकंडा थाना क्षेत्र के सूर्या विहार में प्रार्थना सभा की आड़ में अवैध रूप से धर्मांतरण कराए जाने के आरोप में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत जेम्स सिंह के निजी आवास में रविवार को करीब 16 लोगों को एकत्र कर प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी। आरोप है कि इस दौरान प्रलोभन और भय दिखाकर हिंदू धर्म के लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। मामले की सूचना मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सरकंडा थाना पुलिस को अवगत कराया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
प्रारंभिक जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि बिना किसी वैधानिक अनुमति के निजी आवास को प्रार्थना भवन के रूप में संचालित किया जा रहा था। इस संबंध में बजरंग दल बिलासपुर के जिला संयोजक गौरव धनकर ने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में बताया गया कि पैलेस के पीछे स्थित निजी मकान में लोगों को बहलाकर और भयभीत कर ईसा मसीह की प्रार्थना कराई जा रही थी तथा धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था।
शिकायत के आधार पर सरकंडा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 299, 3(5) तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 1968 की धारा 3 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।



