सीएम विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ पुलिस के रजत जयंती पदक का किया विमोचन, कहा– साहस और बलिदान की अमिट पहचान बनेगा यह सम्मान

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस बल को समर्पित रजत जयंती पदक का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस बल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पदक प्रदेश में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान की स्थायी पहचान बनेगा।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्य पुलिस बल को रजत जयंती पदक प्रदान किए जाने की घोषणा की गई थी, जिस पर त्वरित अमल करते हुए आज इसका विमोचन किया गया। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ पुलिस ने कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने और नक्सल विरोधी अभियानों में असाधारण साहस का परिचय दिया है, कई जवानों ने सर्वोच्च बलिदान भी दिया है। यह पदक उनके समर्पण को सदैव स्मरणीय बनाए रखेगा।

मुख्यमंत्री ने पदक की विशेषताओं की जानकारी देते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और परंपरा की पहचान को आत्मसात करता है। पदक गोल आकार का, चांदी के रंग का होगा। इसके अग्र भाग में साल वृक्ष तथा पीछे की ओर पहाड़ी मैना का उभरा हुआ चित्र अंकित रहेगा। इसे रिबन के साथ वर्दी के बाईं ओर जेब के ऊपर धारण किया जाएगा। वरीयता क्रम में यह पदक अशोक चक्र, कीर्ति चक्र, वीरता पदक, राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक और राष्ट्रपति के सराहनीय सेवा पदक के बाद लगाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पदक में अंकित पहाड़ी मैना सतर्कता, संवाद, निडरता, स्थानीय संस्कृति से जुड़ाव और पुलिस बल की टीम भावना का प्रतीक है, जबकि साल वृक्ष मजबूती, दृढ़ता, दीर्घायु, संरक्षण और मौन रहकर भी प्रभावशाली योगदान का संदेश देता है। बस्तर और सरगुजा अंचल में पूजनीय साल वृक्ष की तरह यह पदक भी पुलिस बल के समर्पण, सेवा और समाज के प्रति प्रतिबद्धता को सम्मानित करेगा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, पुलिस महानिदेशक पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन पवन देव, एडीजी एसआरपी कल्लूरी, एडीजी प्रदीप गुप्ता, एडीजी विवेकानंद सिन्हा, एडीजी दीपांशु काबरा, एडीजी अमित कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



