अफसर की बेवफाई ! महिला डॉक्टर से संबंध बनाकर किया गर्भपात, अब रचाने जा रहा दूसरी शादी

लव, सेक्स और फिर धोखा
बिलासपुर (शिखर दर्शन) //
शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से एक महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें आरोपी जल संसाधन विभाग (पीएचई) का एसडीओ नमित कोसरिया है। वर्तमान में जांजगीर-चांपा में पदस्थ अधिकारी पर प्रेमजाल में फंसाकर शादी का झांसा देने, शारीरिक संबंध बनाने और फिर धोखा देने का आरोप है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2019 में उसकी पहचान नमित कोसरिया से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच संबंध बन गए। आरोपी ने शादी का वादा कर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। वर्ष 2023 में महिला गर्भवती हो गई। जब उसने शादी के लिए कहा, तो आरोपी ने समय मांगकर गर्भपात करा दिया। इसके बाद भी उसने परिवार की रजामंदी का हवाला देकर शादी को टालता रहा।
हालात तब और बिगड़ गए जब पीड़िता को यह जानकारी मिली कि नमित कोसरिया किसी और युवती से शादी की तैयारी कर रहा है। खुद को ठगा महसूस करते हुए महिला डॉक्टर ने सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज किया है।
फिलहाल आरोपी एसडीओ फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। यह मामला एक बार फिर सरकारी पदों पर बैठे अधिकारियों की जवाबदेही और नैतिकता पर सवाल खड़ा करता है। साथ ही पुलिस पर इस संवेदनशील प्रकरण में त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने का दबाव भी बढ़ गया है।