धान खरीदी में बड़ा घोटाला: मल्हार समिति प्रभारी और ऑपरेटर पर 23 लाख की गड़बड़ी का केस दर्ज

बिलासपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ की न्यायधानी में धान खरीदी में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। खाद्य विभाग ने भौतिक सत्यापन के दौरान 23 लाख 25 हजार 930 रुपये की अनियमितता पकड़ने के बाद मल्हार समिति के प्रभारी संतु कुमार यादव और डाटा एंट्री ऑपरेटर देवेंद्र बंजारे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र का है।
जांच के दौरान धान उपार्जन केंद्र मल्हार में 5267 बोरियों में से सिर्फ 4497 बोरी ही मानक धान पाया गया, जबकि 600 बोरी में भूसी और रेत मिली हुई थी तथा 170 बोरी में धान व भूसी मिश्रित था। सत्यापन में भारी अनियमितता उजागर होने पर 13 फरवरी को विस्तृत जांच की गई, जिसमें 18759 बोरी धान कम पाया गया।
इसके बाद खाद्य विभाग ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में गड़बड़ी करने के आरोप में मल्हार समिति के प्रभारी प्रबंधक संतु कुमार यादव और ऑपरेटर देवेंद्र बंजारे के खिलाफ मल्हार थाने में मामला दर्ज कराया है। इस घोटाले के सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है, और आगे की जांच जारी है।



