SP दफ्तर के बाहर किसान ने बांधा भैंस का बछड़ा, कहा – ‘अब पुलिस ही पाले, 200 रुपये का दूध खरीदना मुश्किल’

छतरपुर (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में पुलिस की निष्क्रियता से परेशान एक किसान ने अनोखे अंदाज में अपना विरोध दर्ज कराया। अपनी चोरी हुई भैंस को लेकर न्याय की आस में थक चुके किसान ने सोमवार को एसपी दफ्तर के बाहर भैंस के बछड़े को बांध दिया और कहा, “जब पुलिस मेरी भैंस नहीं ढूंढ पा रही है, तो अब इसका पालन-पोषण भी वही करे।” किसान का कहना है कि वह रोजाना 200 रुपये का दूध खरीदकर बछड़े को नहीं पिला सकता।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला छतरपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कर्री गांव का है। गांव के किसान भैया लाल पटेल की एक माह पहले भैंस चोरी हो गई थी। चोरों की हरकतें सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बावजूद पुलिस अब तक उन्हें पकड़ नहीं पाई है। भैया लाल का कहना है कि बीते 15 दिनों से वह लगातार थाने के चक्कर काट रहा है, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही।
बछड़े के पालन का खर्च नहीं उठा पा रहा किसान
भैया लाल की चोरी हुई भैंस का महज दो महीने का एक बछड़ा है, जिसे वह बोतल से दूध पिला रहा है। हर दिन 200 रुपये खर्च करना उसके बस की बात नहीं है। पुलिस की उदासीनता से हताश किसान ने एसपी ऑफिस पहुंचकर बछड़े को वहीं बांध दिया और अधिकारियों से कहा कि अब इसकी जिम्मेदारी पुलिस उठाए।
क्या हुआ आगे?
जब पुलिस अधिकारियों को इस अनोखे विरोध की जानकारी मिली तो उन्होंने किसान की पूरी बात सुनी और जल्द ही चोरों को पकड़ने का आश्वासन दिया। एसपी दफ्तर से सकारात्मक जवाब मिलने के बाद किसान अपने बछड़े को वापस घर ले गया।
यह मामला पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है, जहां पीड़ित को न्याय के लिए असामान्य कदम उठाने पड़ रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस वाकई चोरों को पकड़ती है या किसान को फिर किसी नए विरोध का सहारा लेना पड़ेगा।
