दिल्ली चुनाव 2025 मतदान: सोनिया, राहुल और प्रियंका गांधी ने डाला वोट, कहा- दिल्ली की जनता बदलाव चाहती है

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के तहत कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने आज अपने मताधिकार का उपयोग किया। मतदान के बाद, प्रियंका गांधी ने कहा कि दिल्ली की जनता तमाम समस्याओं से थक चुकी है और बदलाव चाहती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे मतदान के लिए अपने घरों से बाहर आएं और अपने संवैधानिक अधिकार का इस्तेमाल करें।
नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए मतदान की प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शुरू हो गई है, जिसमें 699 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद होगी। मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, और सोनिया गांधी ने भी अपने मताधिकार का उपयोग किया।
दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है और राजधानी के विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाता सुबह से ही मतदान करने पहुंच रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने भी लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लिया। राहुल गांधी ने निर्माण भवन में वोट डाला, जबकि सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी ने लोधी एस्टेट स्थित अटल आदर्श विद्यालय में मतदान किया। इस दौरान नई दिल्ली विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित भी मौजूद रहे।
प्रियंका गांधी ने मतदान के बाद लोगों से अपील की कि वे अपने घरों से बाहर निकलें और मतदान करें। उन्होंने कहा, “संविधान ने आपको सबसे बड़ा अधिकार दिया है, इसका इस्तेमाल करें। दिल्ली की जनता तमाम समस्याओं से जूझ रही है, और इनका समाधान सिर्फ मतदान के माध्यम से हो सकता है।”
वोटिंग की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है, और मतदान केंद्रों पर बड़ी संख्या में लोग अपने वोट का प्रयोग करने पहुंचे हैं।
