पार्षद कमलेश कालरा के घर हमले के मामले में SIT ने दो फरार आरोपी पकड़े, अब तक 20 की गिरफ्तारी

इंदौर (शिखर दर्शन) // बीजेपी पार्षद कमलेश कालरा के घर पर हुए हमले के 19 दिन बाद एसआईटी ने फरार दो और आरोपियों, दिलीप बसवाल और बंटी ठाकुर, को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी दिलीप का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। हालांकि, इस पूरे मामले में मुख्य आरोपी और बीजेपी से निष्कासित नेता जीतू यादव पर अब तक केस दर्ज नहीं किया गया है।
अब तक इस मामले में कुल 20 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 20 से अधिक आरोपी अभी भी फरार हैं। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने खुलासा किया कि जीतू यादव के भाई अवि ने ही सभी को इकट्ठा कर पार्षद के सिंधी कॉलोनी स्थित निवास पर भेजा था। पार्षद के घर पर उनकी अनुपस्थिति में आरोपियों ने उनके नाबालिग बेटे के साथ बदसलूकी की और घर में तोड़फोड़ की।
घटना के बाद वीडियो वायरल होने पर मुख्यमंत्री यादव ने इसे गंभीरता से लिया और जीतू यादव को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित करवा दिया। इसके साथ ही मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने उन्हें महापौर परिषद सदस्य पद से हटा दिया। लेकिन मुख्य आरोपी पर अब तक केस दर्ज न होने से प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
