छिंदवाड़ा अस्पताल अग्निकांड: वार्मर की आग में झुलसे 3 नवजात, एक की मौत; जबलपुर पहुंचकर डिप्टी सीएम ने जाना हाल

जबलपुर ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के एनआईसीयू में वार्मर मशीन में लगी आग की चपेट में आए तीन नवजातों में से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में झुलसे दो अन्य नवजातों का जबलपुर मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला मेडिकल कॉलेज पहुंचे और भर्ती बच्चों का हालचाल जाना।
वार्मर की हीटिंग यूनिट में स्पार्किंग से लगी आग
घटना शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में हुई। बताया जा रहा है कि वार्मर मशीन की हीटिंग यूनिट में अचानक स्पार्किंग हुई, जिसके बाद आग लग गई। आग की चपेट में आने से तीन नवजात बुरी तरह झुलस गए।
हादसे के बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने तत्काल बच्चों को वार्मर से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तीनों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
सर्जरी की जरूरत के चलते जबलपुर किया गया रेफर
छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में पीडियाट्रिक सर्जन की व्यवस्था नहीं होने और एक नवजात को तत्काल सर्जरी की आवश्यकता को देखते हुए तीनों बच्चों को विशेष निगरानी में जबलपुर भेजा गया था। यहां इलाज के दौरान एक नवजात ने दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य बच्चों का सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में उपचार जारी है।
डिप्टी सीएम ने परिजनों से की मुलाकात
डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला ने जबलपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचकर आईसीयू में भर्ती दोनों नवजातों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और चिकित्सकों को हरसंभव बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
फिलहाल दोनों नवजातों की हालत पर डॉक्टरों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है।



