बैंगन का भरता बना काल ! खाना खाने के बाद तीन मासूमों की मौत, कब्र खोदकर निकाले शव

छतरपुर ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के पिपोरा गांव में एक ही परिवार की तीन मासूम बच्चियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तीनों ने रात में परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बैंगन का भरता और रोटी खाई थी। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई। घटना मातगुवां थाना क्षेत्र की है।
मृत बच्चियों की पहचान पूनम कुशवाहा (7), मनीषा कुशवाहा (3) और चाहत कुशवाहा (9 माह) के रूप में हुई है। हैरानी की बात यह है कि परिवार के अन्य सदस्यों ने भी वही खाना खाया था, लेकिन उनकी तबीयत खराब नहीं हुई। ऐसे में बच्चियों की मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
रात में खाना खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
बताया गया कि परिवार में करीब 10 से 15 सदस्य हैं। रात में घर में बैंगन का भरता और रोटी बनाई गई थी। खाना खाने के बाद सभी सो गए। रात में एक बच्चे को दस्त की शिकायत हुई, जबकि सुबह एक बच्ची को उल्टी हुई। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि 9 माह की चाहत को उसकी मां ने सुबह दूध भी पिलाया था, लेकिन बाद में उसकी भी मौत हो गई।
कब्र खोदकर निकाले गए शव
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। तीनों बच्चियों के शव पहले दफना दिए गए थे। पुलिस ने जांच के लिए कब्र खोदकर शव बाहर निकलवाए और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने खाना बनाने में इस्तेमाल की गई सामग्री को भी जब्त कर लिया है। खाने के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
खाने के सैंपल जांच के लिए भेजे गए
सीएमएचओ राजेंद्र प्रसाद गुप्ता के मुताबिक, बैंगन के भरते और रोटी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि परिवार के अन्य सदस्यों ने भी भोजन किया था, लेकिन उनकी तबीयत खराब होने की जानकारी नहीं है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बच्चियों की मौत किसी खाद्य पदार्थ के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।
विसरा रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
मातगुवां थाना प्रभारी अंकुर चौबे ने बताया कि पिपोरा गांव निवासी बालमुकुंद कुशवाहा की तीन बच्चियों की मौत की सूचना मिली थी। प्रारंभिक तौर पर खाना खाने के बाद उल्टी-दस्त होने की बात सामने आई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चियों की मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।



