MP में बारिश का दौर जारी, नदी-नाले उफान पर; आज 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। प्रदेश के कई हिस्सों में रविवार को बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। जबलपुर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि राजधानी भोपाल समेत कई अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में कम दबाव का क्षेत्र और मानसून ट्रफ सक्रिय है। इसके प्रभाव से शनिवार को सतना, सीधी, पन्ना, बालाघाट, छतरपुर और नरसिंहपुर समेत कई जिलों में बारिश हुई। कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर आ गए।
इन 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
रविवार को छिंदवाड़ा, बैतूल, मुरैना, भिंड, शिवपुरी, श्योपुर, सीधी, रायसेन, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, सिवनी, डिंडोरी और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में तेज बारिश के साथ कुछ स्थानों पर जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने की स्थिति बन सकती है। लोगों को मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
भोपाल समेत इन जिलों में भी बारिश के आसार
राजधानी भोपाल में बूंदाबांदी से लेकर हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, विदिशा, सीहोर, राजगढ़, धार, आलीराजपुर, अनूपपुर, अशोकनगर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, मंडला, शाजापुर, सागर, देवास, रतलाम, हरदा, गुना, दतिया, दमोह, कटनी, रीवा, सतना, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
प्रदेश के 40 जिलों में बारिश का घाटा
मानसून की सक्रियता के बावजूद मध्य प्रदेश के 40 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। कई जिलों में बारिश की कमी 51 प्रतिशत तक बताई गई है। प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 13 प्रतिशत कम बारिश हुई है, जबकि 15 जिलों में औसत से ज्यादा वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
राजधानी भोपाल में अगस्त के दौरान अच्छी बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगस्त महीने का बारिश का कोटा पूरा होने की उम्मीद है। हालांकि, आने वाले दिनों में बारिश की स्थिति पूरी तरह मानसून सिस्टम की सक्रियता पर निर्भर करेगी।



