मध्य प्रदेश में महंगाई का एक और झटका: CNG ₹97.50 किलो पहुंची, आज CM मोहन की दिल्ली में अहम मुलाकातें; भोपाल-इंदौर हाईवे भी बदला

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश में आम लोगों के लिए आज की शुरुआत महंगाई और यातायात से जुड़ी अहम खबरों के साथ हुई है। शक्कर के दाम बढ़ने के बाद अब सीएनजी की कीमत में भी बढ़ोतरी की गई है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दिल्ली दौरे का रविवार को दूसरा दिन है। दूसरी ओर पंडित प्रदीप मिश्रा की कांवड़ यात्रा के चलते भोपाल-इंदौर हाईवे पर तीन दिनों के लिए यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। राजधानी भोपाल में टीईटी के विरोध में भी प्रदर्शन प्रस्तावित है।
CNG के दाम में ₹1.50 की बढ़ोतरी
प्रदेश में सीएनजी की कीमत में 1.50 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद सीएनजी का नया भाव 97.50 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है। बताया गया है कि पिछले छह महीनों के दौरान सीएनजी की कीमत में करीब 10 रुपये प्रति किलो तक का इजाफा हो चुका है। लगातार बढ़ती कीमतों का असर वाहन चालकों की जेब पर पड़ना तय माना जा रहा है।
दिल्ली में CM मोहन यादव का दूसरा दिन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को दिल्ली दौरे पर हैं। उनके दौरे का आज दूसरा दिन है। इस दौरान केंद्रीय मंत्रियों के साथ उनकी मुलाकातें हो सकती हैं। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से भी मुलाकात की संभावना जताई गई है।
मुख्यमंत्री शनिवार को ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम की बैठक में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से भी मुलाकात की थी। रविवार को होने वाली बैठकों पर प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर नजर रहेगी।
भोपाल-इंदौर हाईवे पर तीन दिन यातायात प्रतिबंध
पंडित प्रदीप मिश्रा की कांवड़ यात्रा को देखते हुए भोपाल-इंदौर मार्ग पर 23 से 25 अगस्त तक यातायात व्यवस्था बदली गई है। भारी वाहनों के साथ जरूरत पड़ने पर चार पहिया वाहनों को भी वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा।
भोपाल से इंदौर जाने वाले वाहनों को भोपाल-ब्यावरा-इंदौर मार्ग से भेजने की व्यवस्था की गई है। इसी तरह इंदौर से भोपाल आने वाले वाहनों को भी इसी वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना होगा।
रूट डायवर्जन 23 अगस्त सुबह करीब 9 बजे से 25 अगस्त रात करीब 8 बजे तक लागू रहने की जानकारी दी गई है। वैकल्पिक मार्ग से आने-जाने पर यात्रियों को सामान्य से करीब दो घंटे अतिरिक्त समय लग सकता है। कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था में यह बदलाव किया गया है।
TET के विरोध में भोपाल में प्रदर्शन
राजधानी भोपाल में टीईटी के विरोध में भी प्रदर्शन प्रस्तावित है। नीलम पार्क में होने वाले राज्य स्तरीय सम्मेलन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी शामिल होंगे।
आयोजकों की ओर से स्कूलों को बंद किए जाने के विरोध में आवाज उठाने और ‘स्कूल बचाओ आंदोलन’ को और तेज करने की बात कही गई है। प्रदर्शन में जेनरेशन अल्फा और जेन-जी से जुड़े विद्यार्थी भी शामिल होने की बात कही गई है।



