रायपुर संभाग

मुख्यमंत्री का भोरमदेव दौरा, राज्य का पहला स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव, मलेरिया मामलों के बीच कांकेर पहुंचेंगे स्वास्थ्य मंत्री

पूजा-अर्चना, खेल विकास, स्वास्थ्य समीक्षा और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों पर रहेगी प्रदेश की नजर

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में आज राजनीतिक, खेल और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जहां कबीरधाम जिले के प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे, वहीं रायपुर में पहली बार राज्य स्तरीय स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का आयोजन होगा। दूसरी ओर कांकेर जिले में मलेरिया के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल हालात का जायजा लेने पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री करेंगे भोरमदेव मंदिर में पूजा-अर्चना

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह रायपुर से रवाना होकर कबीरधाम जिले के ऐतिहासिक भोरमदेव मंदिर पहुंचेंगे। यहां वे भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। इसके बाद वे रायपुर लौटेंगे और शाम को राज्य स्तरीय स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में शामिल होंगे। दिन के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री एक निजी कार्यक्रम में भी भाग लेंगे।

पहली बार होगा राज्य स्तरीय स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव

रायपुर में आज आयोजित होने वाला राज्य का पहला स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव खेल विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि खेल मंत्री अरुण साव उद्घाटन करेंगे।

कॉन्क्लेव में प्रदेश के खिलाड़ी, खेल संघों के प्रतिनिधि और विशेषज्ञ खेल अधोसंरचना, प्रतिभाओं के विकास तथा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे। साथ ही खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी।

मलेरिया की स्थिति का जायजा लेंगे स्वास्थ्य मंत्री

कांकेर जिले में सेरेब्रल (मस्तिष्क) मलेरिया के बढ़ते मामलों और बच्चों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल आज कांकेर पहुंचकर अस्पतालों और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।

वे बस्तर संभाग के सभी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएमएचओ) की बैठक लेकर मलेरिया नियंत्रण, उपचार व्यवस्था और रोकथाम के उपायों की समीक्षा करेंगे। स्वास्थ्य विभाग प्रभावित क्षेत्रों में जांच शिविर और उपचार अभियान भी संचालित कर रहा है।

रायपुर में होंगे अन्य प्रमुख आयोजन

आज रायपुर में टाटीबंध स्थित हाईटेक आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण का विशेष शिविर भी आयोजित किया जाएगा, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य जांच की जाएगी।

इसके अलावा कचना स्थित श्रीमुनि सुव्रतनाथ दिगंबर जैन मंदिर में सिद्ध चक्र महामंडल विधान का धार्मिक आयोजन भी संपन्न होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!