रायपुर संभाग

नकटी के 85 प्रभावित परिवारों के समर्थन में कांग्रेस की न्याय पदयात्रा, पुनर्वास और मुआवजे की मांग को लेकर राजभवन तक कूच

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // नवा रायपुर के नकटी गांव में प्रभावित परिवारों के मकान हटाए जाने के विरोध में बुधवार को प्रदेश कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में न्याय पदयात्रा निकाली। नकटी गांव से राजभवन तक आयोजित इस पदयात्रा में प्रभावित परिवारों के साथ कांग्रेस के विधायक, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उचित मुआवजे की मांग को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने के लिए कूच किया।

13 किलोमीटर की पदयात्रा, कई प्रमुख मार्गों से गुजरी

करीब 13 किलोमीटर लंबी यह पदयात्रा नकटी गांव से प्रारंभ होकर पीटीएस चौक, माना, फुंडहर चौक, श्रीराम मंदिर (करेंसी टावर), तेलीबांधा और गौरव पथ होते हुए राजभवन तक पहुंची। यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग उठाई।

85 परिवारों के पुनर्वास की मांग

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि नकटी गांव के 85 प्रभावित परिवार अब भी न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं। पार्टी की मांग है कि प्रत्येक प्रभावित परिवार को नकटी गांव में ही 2,000 वर्गफीट भूमि आवंटित कर स्थायी पुनर्वास किया जाए। साथ ही मकान हटाए जाने से हुए नुकसान के अनुरूप उचित मुआवजा भी दिया जाए।

अस्थायी आवास ठुकराया, गांव में ही रहने पर अड़े परिवार

प्रभावित परिवारों ने प्रशासन की ओर से सेक्टर-30 स्थित हाउसिंग बोर्ड के चौथी मंजिल के फ्लैटों में दिए जा रहे अस्थायी आवास को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि वे अपने मूल गांव में ही पुनर्वास चाहते हैं। वर्तमान में सभी प्रभावित परिवार टेंट और टीन शेड में रहकर जीवन-यापन कर रहे हैं।

पदयात्रा के दौरान दीपक बैज के पैर में आई मोच

पदयात्रा शुरू होने के कुछ समय बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के पैर में मोच आ गई। चोट के कारण वे आगे पैदल नहीं चल सके और बाद में कार से पदयात्रा के साथ चलते रहे। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने पैदल यात्रा जारी रखी।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, यातायात व्यवस्था में बदलाव

पदयात्रा को देखते हुए प्रशासन ने पूरे मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात किया। यातायात पुलिस ने सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक श्रीराम मंदिर (करेंसी टावर) से तेलीबांधा थाना तिराहा तक यातायात प्रभावित रहने की सूचना जारी की। इस दौरान सर्विस रोड बंद रखी गई तथा महासमुंद से दुर्ग की ओर जाने वाले वाहन चालकों को मुख्य मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!