तेज रफ्तार टैंकर की चपेट में स्कूटी, भाई-बहन की दर्दनाक मौत; एक नाबालिग गंभीर, आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग किया जाम

कोरबा/कटघोरा ( शिखर दर्शन ) // कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार सगे भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ सवार एक अन्य नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बांगो-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार पोड़ी बस स्टैंड के पास कोनकोना बस्ती के गोस्वामी पारा निवासी 13 वर्षीय बूटी गोस्वामी, 12 वर्षीय दशरथ गोस्वामी तथा एक अन्य नाबालिग विक्की स्कूटी से सामान लेने आए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बूटी गोस्वामी और दशरथ गोस्वामी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद फूटा ग्रामीणों का आक्रोश

दुर्घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और बांगो-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। जाम के कारण यात्री बसों सहित कई छोटे-बड़े वाहन घंटों तक फंसे रहे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बांगो पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें शांत कराया।
25-25 हजार रुपये की तत्काल सहायता
प्रशासन की ओर से तहसीलदार ने मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना के जिम्मेदार टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर फिर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की गंभीर समस्या को सामने ला दिया है। सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी और तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए क्षेत्र में कड़ी निगरानी और जागरूकता की आवश्यकता महसूस की जा रही है।



