रायपुर संभाग

आज छत्तीसगढ़ में कई अहम घटनाएं, मुख्यमंत्री समोदा में देंगे 112 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // प्रदेश में आज राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम होने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समोदा दौरे पर रहेंगे, जहां वे 112 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। वहीं कांग्रेस की जांच समिति थ्रीडी इनोवेशन प्लांट का स्थल निरीक्षण करेगी। दूसरी ओर कोल लेवी घोटाले में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को आज न्यायालय में पेश किए जाने की संभावना है।

मुख्यमंत्री समोदा में देंगे विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समोदा में 21.67 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 67 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही 90.34 करोड़ रुपये की लागत वाले 29 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन भी करेंगे। इन परियोजनाओं से आरंग और समोदा क्षेत्र में सड़क, भवन, नगरीय विकास और ग्रामीण अधोसंरचना को गति मिलेगी। नवा रायपुर के कोटरा भाठा में 18 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 100 बिस्तरों के अस्पताल का भी भूमिपूजन किया जाएगा। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित कई मंत्री शामिल होंगे।

थ्रीडी इनोवेशन प्लांट का निरीक्षण करेगी कांग्रेस

थ्रीडी इनोवेशन प्लांट में तीन मजदूरों की मौत की घटना की जांच के लिए गठित प्रदेश कांग्रेस की जांच समिति आज दोपहर 3 बजे प्लांट का स्थल निरीक्षण करेगी। समिति के संयोजक एवं पूर्व मंत्री शिवकुमार डहरिया के नेतृत्व में टीम मृतक और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेगी तथा घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी लेकर अपनी जांच आगे बढ़ाएगी।

रामगोपाल अग्रवाल को आज कोर्ट में पेश किए जाने की संभावना

कोल लेवी घोटाले में हिरासत में लिए गए कांग्रेस के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को आज न्यायालय में पेश किए जाने की संभावना है। आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा उनसे पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड की मांग कर सकती है। रामगोपाल अग्रवाल लगभग तीन वर्षों से फरार बताए जा रहे थे। जांच एजेंसियां उनसे कोल लेवी प्रकरण के अलावा शराब घोटाला, कस्टम मिलिंग और अन्य वित्तीय अनियमितताओं के मामलों में भी पूछताछ कर रही हैं। उनके बेटे वैभव अग्रवाल से भी लगातार पूछताछ जारी है।

13 जुलाई से शुरू होगा विधानसभा का मानसून सत्र

छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 13 से 17 जुलाई तक आयोजित होगा। पांच दिवसीय सत्र में कुल पांच बैठकें होंगी। इस दौरान विधायकों की ओर से जनता से जुड़े 1,033 प्रश्न लगाए गए हैं। नकटी जलाशय, किसानों की समस्याओं सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!