फिल्मी अंदाज में किडनैपिंग और लूटकांड, 6 नाबालिगों ने 5 घंटे तक बंधक बनाकर दो युवकों से की मारपीट

चाकू की नोक पर बनवाया झूठा वीडियो, खाते से ₹18,180 ट्रांसफर कराए; नकदी, मोबाइल, जेवर और दस्तावेज भी लूटे, सभी आरोपी किशोर हिरासत में
भिलाई ( शिखर दर्शन ) // दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में फिल्मी अंदाज में अपहरण, मारपीट और लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छह नाबालिगों ने दो युवकों को कथित तौर पर चोरी के संदेह में जबरन बंधक बना लिया और करीब पांच घंटे तक शहर के विभिन्न इलाकों में घुमाते हुए उनके साथ मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने चाकू की नोक पर दोनों युवकों से जबरन एक वीडियो भी बनवाया, उनके बैंक खाते से ऑनलाइन रकम ट्रांसफर कराई और नकदी सहित अन्य सामान लूट लिया। पुलिस ने सभी छह नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लेकर किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्कूटी खराब होने के बाद शुरू हुई पूरी वारदात
पुलिस के अनुसार, बालोद जिले के डौंडी थाना क्षेत्र का एक युवक अपने रिश्तेदार दिव्य बांदे के साथ 2 जुलाई की रात दुर्ग-भिलाई घूमने आया था। दोनों युवक बाइक और सफेद एक्टिवा स्कूटी से आए थे। तड़के करीब 4:30 बजे गदा चौक के पास स्कूटी खराब हो गई। मैकेनिक की जानकारी लेने के दौरान वहां मौजूद दो युवकों ने स्कूटी खरीदने की इच्छा जताई।
दस्तावेज नहीं मिलने पर चोरी का आरोप लगाकर बनाया बंधक
जब स्कूटी के दस्तावेज मांगे गए और युवक तत्काल कागजात नहीं दिखा सके, तो आरोपियों ने स्कूटी को चोरी की बताकर अपने चार अन्य साथियों को बुला लिया। इसके बाद छहों नाबालिगों ने दोनों युवकों को जबरन अपने कब्जे में ले लिया और अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर उनके साथ मारपीट की।
ऑनलाइन ट्रांसफर कराए पैसे, नकदी और जेवर भी छीने
पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उनके मोबाइल छीनकर पेटीएम का पिन पूछ लिया और खाते से 18,180 रुपये दूसरे क्यूआर कोड पर ट्रांसफर करा लिए। इसके अलावा बैग में रखे 5 हजार रुपये नकद, तीन चांदी की अंगूठियां, एक चांदी का ब्रेसलेट, दो मोबाइल फोन, एक्टिवा स्कूटी, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड और इलेक्ट्रिकल कार्य का सामान भी लूट लिया।
चाकू दिखाकर बनवाया झूठा वीडियो, शिकायत करने पर दी धमकी
आरोपी दोनों युवकों को बाइक पर बैठाकर नगपुरा, कुरूद, ग्रीन चौक और दुर्ग के अन्य इलाकों में करीब पांच घंटे तक घुमाते रहे। बाद में पुलगांव चौक के पास चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई और उनसे जबरन एक वीडियो रिकॉर्ड कराया गया, जिसमें उन्हें यह बोलने के लिए मजबूर किया गया कि वे चोरी की स्कूटी बेचने आए थे। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि पुलिस में शिकायत की गई तो यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा।
जीरो एफआईआर के बाद सुपेला पुलिस ने दर्ज किया मामला
आरोपियों ने बाद में बाइक वापस कर दी, जिसके बाद दोनों युवक किसी तरह अपने घर डौंडी पहुंचे और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। मारपीट में दोनों के आंख, पीठ, पसली, कंधे, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं। डौंडी थाना में जीरो एफआईआर दर्ज होने के बाद मामला सुपेला थाना स्थानांतरित किया गया। जांच में वारदात में शामिल सभी छह आरोपी नाबालिग पाए गए, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लेकर किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



