बारिश बनी आफत, उफनते पानी से 14 मजदूरों का रेस्क्यू

लगातार बारिश से कई गांवों का संपर्क टूटा, जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर
महासमुंद (शिखर दर्शन) // जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई छोटे-बड़े नदी-नाले उफान पर हैं और पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बहने के कारण अनेक गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। इस बीच खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम जोगीडीपा में बाढ़ के पानी से घिरे 14 मजदूरों को नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित बाहर निकालकर बड़ा हादसा टाल दिया।
जिले में औसतन 85.6 मिमी बारिश दर्ज
सोमवार को जिले में औसतन 85.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक 128.5 मिलीमीटर बारिश पिथौरा में रिकॉर्ड की गई, जबकि सरायपाली में 97.7 मिलीमीटर वर्षा हुई। लगातार बारिश से नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है और कई मार्ग जलमग्न हो गए हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हुआ है।
बाढ़ में फंसे 14 मजदूरों का सुरक्षित रेस्क्यू
बाढ़ नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली कि ग्राम जोगीडीपा में पुलिया निर्माण कार्य में लगे मजदूर बाढ़ के पानी से चारों ओर से घिर गए हैं। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने नगर सेना की रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा। टीम ने तेज बहाव के बीच साहसिक अभियान चलाकर 10 पुरुष और 4 महिला मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्रशासन ने जारी की सतर्कता की अपील
जिला प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें जिलेभर में लगातार निगरानी कर रही हैं। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे उफनते नदी-नालों, पुल-पुलियों और जलमग्न मार्गों को पार करने का प्रयास न करें तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।
बारिश जारी रहने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल जिले में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखा गया है।



