रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, रायपुर समेत कई जिलों में रेड अलर्ट जारी

बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब का असर, 8 जुलाई से बारिश की तीव्रता घटने के संकेत

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में पिछले दो-तीन दिनों से झमाझम बारिश का दौर जारी है, जिससे कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश क्षेत्रों में भारी से अति भारी वर्षा की संभावना जताई है। हालांकि 8 जुलाई से पूरे प्रदेश में बारिश की तीव्रता में कमी आने के संकेत हैं।

अवदाब के कारण सक्रिय हुआ मानसून

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा उससे लगे उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल तट पर बना अवदाब प्रदेश में लगातार नमी पहुंचा रहा है। इसके प्रभाव से अगले दो दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ में व्यापक वर्षा होगी। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश तथा कहीं-कहीं अत्यधिक वर्षा होने की संभावना है।

कई जिलों में रिकॉर्ड बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम तथा कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। राजिम में 19 सेंटीमीटर, दुर्ग में 18, छुरा में 16, रायपुर शहर और राजनांदगांव में 15-15 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा पाटन में 15, गोबरा नवापारा और माना में 14-14, अर्जुन्दा में 13 तथा लाभांडी और गुंडरदेही में 12-12 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई। भिलाई, कोमाखान, मंदिर हसौद, डभरा, महासमुंद, बागबाहरा, धमतरी, अभनपुर, गरियाबंद और अन्य क्षेत्रों में भी अच्छी वर्षा हुई।

रायपुर में भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग ने रायपुर में रविवार को दिनभर आसमान मेघमय रहने, गरज-चमक के साथ भारी बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

25 से अधिक जिलों में चेतावनी

मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, कबीरधाम, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, सूरजपुर, कोरिया सहित 25 से अधिक जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। कई जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों से दूर रहने तथा जलभराव और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन को भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!