बिलासपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में रफ्तार का कहर: अलग-अलग सड़क हादसों में 2 की मौत, 2 घायल

हाईवे पर ट्रक से टकराई कार, सरकारी वाहन की चपेट में गई बाइक; तखतपुर में पलटे ट्रैक्टर के नीचे दबे बच्चा और युवक

अंबिकापुर/गरियाबंद/तखतपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हुए दर्दनाक सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। अंबिकापुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार और ट्रक की भीषण टक्कर में एक युवक की जान चली गई। वहीं गरियाबंद में आबकारी विभाग के सरकारी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई। उधर तखतपुर में गड्ढे में फंसकर पलटे ईंट लदे ट्रैक्टर के नीचे दबने से एक युवक और बच्चा घायल हो गए।

खड़े ट्रक से टकराई कार, युवक की मौत

अंबिकापुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर मणिपुर थाना क्षेत्र के भिट्ठीकलां के पास मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

ग्रामीणों ने तेज धमाके की आवाज सुनकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार में फंसे युवक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और चालक की तलाश की जा रही है।

सरकारी बोलेरो की टक्कर से गई जान

गरियाबंद जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में नहरगांव के पास आबकारी विभाग की सरकारी बोलेरो और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।

उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान महाराष्ट्र निवासी ट्रैक्टर चालक संतोष यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने सरकारी वाहन को जब्त कर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

गड्ढे में फंसकर पलटा ट्रैक्टर, बालक समेत दो घायल

तखतपुर के नया बस स्टैंड के पास मुख्य मार्ग पर जर्जर सड़क एक बड़े हादसे की वजह बन गई। ईंटों से लदा ट्रैक्टर सड़क के गहरे गड्ढे में फंसकर अनियंत्रित हो गया और पलट गया। ट्रैक्टर पलटते ही ईंटों का ढेर पास से गुजर रहे 40 वर्षीय युवक और एक बच्चे पर गिर पड़ा।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर दोनों को ईंटों के ढेर से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। दोनों घायलों का उपचार जारी है।

सड़क की बदहाली पर फूटा लोगों का गुस्सा

घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का आरोप है कि मुख्य मार्ग लंबे समय से गड्ढों और जर्जर सड़क की समस्या से जूझ रहा है। कई बार शिकायतों के बावजूद न तो प्रशासन ने ध्यान दिया और न ही जनप्रतिनिधियों ने कोई ठोस पहल की।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण का भूमिपूजन हुए एक महीने से अधिक समय बीत चुका है और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है, लेकिन निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!