राष्ट्रीय

बंगाल में BJP की प्रचंड जीत पर PM मोदी का बड़ा संदेश, बोले- “गंगोत्री से गंगासागर तक खिला कमल”

जीत को बताया कार्यकर्ताओं की साधना का परिणाम, घुसपैठियों पर सख्त कार्रवाई का ऐलान

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में मिली बड़ी जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि “जब साधना सिद्धि में बदलती है, तो वही खुशी आज हर कार्यकर्ता के चेहरे पर दिखाई दे रही है।”

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि “गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक कमल खिला है”, जिसे उन्होंने देशभर में भाजपा और एनडीए के बढ़ते जनसमर्थन का प्रतीक बताया। उन्होंने उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और अब पश्चिम बंगाल में मिली सफलता को मां गंगा का आशीर्वाद बताया।

मोदी ने पश्चिम बंगाल में रिकॉर्ड मतदान का जिक्र करते हुए इसे लोकतंत्र की मजबूती का संकेत बताया और खासतौर पर महिलाओं की बड़ी भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र “नागरिक देवो भव” है और पार्टी जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।

अपने भाषण में उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद करते हुए कहा कि आज की जीत उनकी विचारधारा को सच्ची श्रद्धांजलि है। साथ ही उन्होंने गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर के “भयमुक्त समाज” के सपने को साकार करने का संकल्प भी दोहराया।

प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में आयुष्मान भारत योजना को लागू करने का निर्णय लिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं को रोजगार और राज्य से पलायन रोकना सरकार की प्राथमिकता होगी।

घुसपैठ के मुद्दे पर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अवैध घुसपैठियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।

अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने “बदला नहीं, बदलाव” की राजनीति पर जोर देते हुए सभी दलों से विकास के लिए मिलकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अब समय भय नहीं, बल्कि भविष्य की बात करने का है और बंगाल में एक नए विकास युग की शुरुआत होगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!