बिलासपुर संभाग

श्री राम केयर अस्पताल में ऑपरेशन बना मौत का कारण: पथरी के इलाज के दौरान आरक्षक की गई जान

पुलिस महकमे में हड़कंप , परिजनों का आरोप—लापरवाही ने छीन ली जिंदगी

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // बिलासपुर के नेहरू नगर स्थित श्री राम केयर अस्पताल में पथरी के इलाज के लिए भर्ती एक आरक्षक की ऑपरेशन के दौरान मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सरकंडा थाना में पदस्थ आरक्षक सत्य कुमार पटेल के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और सहयोगियों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरक्षक सत्य कुमार पटेल पिछले चार दिनों से पथरी की समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती थे। शुक्रवार को उनका ऑपरेशन किया जा रहा था, इसी दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और परिचित अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इलाज के दौरान आवश्यक सावधानी नहीं बरती गई, जिसकी वजह से यह दुखद घटना हुई। इस मामले को लेकर परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद पुलिस विभाग में भी शोक का माहौल है। मृतक आरक्षक पुलिस विभाग में कार्यरत थे, ऐसे में वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।

बताया जा रहा है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। वहीं संबंधित अस्पताल पर पहले भी लापरवाही के आरोप लग चुके हैं, जिससे यह मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!