मध्यप्रदेश

ममता की आखिरी जंग हार गई जिंदगी: सीने से चिपकाए मासूम संग डूबी मां, बरगी क्रूज हादसे ने रुलाया देश

9 की मौत, 22 लोगों को बचाया गया; तेज आंधी में पलटा क्रूज, रेस्क्यू जारी

जबलपुर ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में गुरुवार शाम बरगी डैम में हुआ दर्दनाक क्रूज हादसा पूरे देश को झकझोर गया। अचानक बदले मौसम और तेज आंधी-तूफान के बीच क्रूज मझधार में डगमगाकर पलट गया, जिससे 30 से ज्यादा सैलानी पानी में समा गए। इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 22 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। बाकी लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। हादसे के बीच एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं—मां और उसके मासूम बच्चे का शव एक-दूसरे से लिपटा मिला, मानो आखिरी सांस तक मां अपने बच्चे को बचाने की कोशिश करती रही।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना अचानक हुआ कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। तेज हवा और ऊंची लहरों के बीच क्रूज कुछ ही मिनटों में पानी में समा गया और चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव की कोशिश शुरू की, वहीं सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, गोताखोरों और प्रशासन की टीमों ने मोर्चा संभाल लिया। मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे, विधायक नीरज सिंह और अशोक रोहाणी समेत कलेक्टर व एसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया।

रेस्क्यू के दौरान अब तक 7 महिलाओं और एक मासूम समेत कुल 9 शव बरामद किए जा चुके हैं। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। क्रूज को बाहर निकालने की कोशिश में रात के दौरान रस्सा टूटने से दिक्कतें आईं, जिसके बाद जेसीबी से रास्ता बनाकर भारी मशीनें मौके तक पहुंचाई गईं और अभियान को तेज किया गया।

हादसे में एक ही परिवार के कई लोग भी चपेट में आए। कोतवाली क्षेत्र के सोनी परिवार के अधिकांश सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन नीतू सोनी की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा अब भी लापता बताया जा रहा है। वहीं सिविल लाइन क्षेत्र से पहुंचे एक अन्य परिवार में पिता और बच्चों की जान बच गई, लेकिन हादसे की भयावहता ने सभी को झकझोर कर रख दिया। चश्मदीदों के मुताबिक, पूरा हादसा महज दो से तीन मिनट के भीतर हो गया, जिससे किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। फिलहाल प्रशासन युद्धस्तर पर लापता लोगों की तलाश में जुटा हुआ है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!