जबलपुर क्रूज हादसा: 9 शव बरामद, 22 लोगों की बची जान, दूसरे दिन भी रेस्क्यू जारी

बरगी डैम में आंधी-तूफान के बीच पलटा क्रूज, कई अब भी लापता
जबलपुर ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया, जहां तेज आंधी और हवा के बीच एक क्रूज पलट गया। हादसे में अब तक 9 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 22 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। घटना के बाद से लापता लोगों की तलाश के लिए दूसरे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम सैलानी क्रूज का आनंद ले रहे थे, तभी अचानक मौसम खराब हो गया। तेज हवा और आंधी के कारण क्रूज का संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते वह पानी में समा गया। हादसे के दौरान अफरा-तफरी मच गई और 30 से अधिक लोग पानी में डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और कई लोगों की जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, गोताखोर और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे, विधायक नीरज सिंह, विधायक अशोक रोहाणी, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और एसपी सहित कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
हादसे के 12 घंटे बाद भी क्रूज को पूरी तरह बाहर नहीं निकाला जा सका है। रात में क्रूज खींचने के दौरान रस्सा टूट गया, जिससे रेस्क्यू में दिक्कत आई। इसके बाद भारी मशीनों की मदद से रास्ता बनाकर अभियान को आगे बढ़ाया गया। अब तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें 7 महिलाएं और एक बच्चा शामिल है, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
हादसे में एक ही परिवार के कई सदस्य प्रभावित हुए। सोनी परिवार के अधिकांश सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि एक महिला की मौत हो गई और एक बच्चा अब भी लापता है।
बचाए गए लोगों के नाम:
राखी सोनी (40), विक्की सोनी (42), समृद्धि सोनी (16), इनिया (12), आराध्या सोनी (12), अनु सोनी, महेश पटेल, छोटेलाल गौंड (38), अनामिका सोनी (47), रियाज हुसैन, पवीथारन (12), मनोज श्रीवास (40), अंशिका श्रीवास (13), तनिष्क श्रीवास (7), तनिष्का श्रीवास (10), कियान वर्मा (4), रोशन आनंद वर्मा, सरिता वर्मा (40), वृन्दा (10), मंजू खडगा, जफर (13), कामराज।
मृतकों के नाम:
नीतू सोनी (43), सौभाग्यम अलागन (42), मधुर मैसी (62), काकुलाझी (38)।
मुख्य बातें:
- बरगी डैम में आंधी-तूफान के बीच क्रूज पलटा
- 9 लोगों की मौत, 22 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
- 30 से अधिक लोग थे सवार, कई अब भी लापता
- दूसरे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
- क्रूज निकालने में तकनीकी दिक्कतें
- मंत्री ने संसाधनों की कमी मानी




