तेज रफ्तार का तांडव: ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला, मौके पर एक की मौत, दूसरे ने रास्ते में तोड़ा दम

हादसे के बाद फूटा गुस्सा, परिजनों और लोगों ने किया चक्काजाम; फरार चालक की तलाश जारी
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी रायपुर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटना मंदिर हसौद थाना क्षेत्र की है, जिसके बाद इलाके में आक्रोश फैल गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक गोलू यादव और राजू यादव सोमवार देर रात काम खत्म कर सिब्बल ग्रीन से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे सरीखेड़ी के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे में गोलू यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल राजू यादव ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।
- चक्काजाम कर जताया विरोध: हादसे से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने मंगलवार को सड़क पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया और दोषी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
- सुरक्षा पर उठे सवाल: लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार आम बात हो गई है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।
- सख्ती की मांग: स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से कड़े ट्रैफिक नियम लागू करने, स्पीड कंट्रोल और निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लग सके।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।



